विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नवरात्रि में महेंद्रगढ़-नारनौल-अटेली रूट पर यात्रियों की बल्ले-बल्ले, कई ट्रेनों में बढ़ेंगे अतिरिक्त कोच

Published: Wed, 30 Sep 2026 05:25 AM (IST)

रेलवे ने अक्टूबर में नवरात्रि और बढ़ती यात्री भीड़ को देखते हुए कई महत्वपूर्ण रेलसेवाओं में अस्थायी रूप से अतिरिक्त ...और पढ़ें

एआई जेनेरेटेड इमेज।

एआई जेनेरेटेड इमेज।

HighLights

  1. अक्टूबर में नवरात्रि और यात्री यातायात वृद्धि के कारण।

  2. उत्तर पश्चिम रेलवे ने कई ट्रेनों में अतिरिक्त डिब्बे बढ़ाए।

  3. महेंद्रगढ़, नारनौल, अटेली यात्रियों को सीधी राहत मिलेगी।

जागरण संवाददाता, नारनौल। अक्टूबर माह में नवरात्रि के सीजन और बढ़ते यात्री यातायात को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत देने की तैयारी की है। उत्तर पश्चिम रेलवे की ओर से क्षेत्र से गुजरने वाली कई महत्वपूर्ण रेलसेवाओं में अस्थायी रूप से अतिरिक्त डिब्बे बढ़ाए जा रहे हैं।

इससे यात्रियों को अधिक सीटें उपलब्ध होंगी और भीड़ के दबाव को कम करने में मदद मिलेगी। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, गाड़ी संख्या 14714/14713 दिल्ली सराय-सीकर-दिल्ली सराय रेलसेवा में सात अक्टूबर से 30 अक्टूबर 2026 तक एक थर्ड एसी, एक द्वितीय शयनयान और एक साधारण श्रेणी का अतिरिक्त डिब्बा लगाया जाएगा।

यह ट्रेन बीकानेर लाइन के महेंद्रगढ़ रेलवे स्टेशन पर ठहराव करती है। ऐसे में महेंद्रगढ़ क्षेत्र के यात्रियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

बढ़ती भीड़ में आवागमन होगा आसान

इसके अलावा मदार-रेवाड़ी-मदार (19617/19618), रेवाड़ी-फुलेरा-रेवाड़ी (19620/19619), रेवाड़ी-रींगस-रेवाड़ी (59633/59634) तथा रेवाड़ी-फुलेरा-रेवाड़ी (19622/19621) रेलसेवाओं में एक अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक पांच-पांच द्वितीय साधारण श्रेणी के अतिरिक्त डिब्बे लगाए जाएंगे।

इन रेलसेवाओं से फुलेरा लाइन के नारनौल, निजामपुर और अटेली सहित आसपास के यात्रियों को अतिरिक्त यात्री क्षमता का लाभ मिलेगा।

वहीं भिवानी-ढेहर का बालाजी-भिवानी (14705/14706) रेलसेवा में दो अक्टूबर से एक नवंबर तक तीन द्वितीय साधारण श्रेणी के अतिरिक्त डिब्बे लगाए जाएंगे।

रेलवे के इस फैसले से अक्टूबर में बढ़ने वाली यात्री भीड़ के बीच यात्रियों को अतिरिक्त क्षमता उपलब्ध होगी और आवागमन अधिक सुविधाजनक होने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें- मंगलवार को 32 ट्रेनें रहेंगी रद, 9 शार्ट टर्मिनेट और 30 डायवर्ट; मोकामा-किउल और पटना-बरौनी रेलखंड पर असर