विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

10-12 गांवों की रेल कनेक्टिविटी का सहारा निजामपुर स्टेशन, फिर भी प्रमुख ट्रेनों का ठहराव नहीं

Published: Sun, 06 Sep 2026 07:27 PM (IST)

निजामपुर रेलवे स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों के ठहराव और यात्री सुविधाओं की कमी से 10-12 गांवों के लोग परेशान हैं। ...और पढ़ें

एआई जेनेरेटेड इमेज।

एआई जेनेरेटेड इमेज।

HighLights

  1. निजामपुर स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की कमी से यात्री परेशान।

  2. दैनिक रेलयात्री मंच ने सुविधाएं बढ़ाने की मांग की।

  3. इंटरलाकिंग कार्य में देरी पर भी जताई गई चिंता।

संवाद सूत्र, निजामपुर (नारनौल)। आसपास के करीब 10 से 12 गांवों के लोगों के लिए महत्वपूर्ण निजामपुर रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं और प्रमुख ट्रेनों के ठहराव का अभाव यात्रियों की परेशानी बढ़ा रहा है।

दिल्ली, जयपुर समेत विभिन्न शहरों में रोजाना आने-जाने वाले यात्रियों को ट्रेनों का ठहराव नहीं मिलने के कारण दूसरे स्टेशनों का रुख करना पड़ता है। इससे उनका समय और पैसा दोनों खर्च होता है।

दैनिक रेलयात्री जागरूक मंच, नारनौल ने रविवार को स्टेशन परिसर में स्वच्छता एवं वृक्षारोपण अभियान चलाकर रेलवे प्रशासन से यात्री सुविधाएं बढ़ाने और प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग उठाई।

मंच पदाधिकारियों ने कहा कि रुणिचा एक्सप्रेस और टनकपुर-दौराई एक्सप्रेस का निजामपुर स्टेशन पर नियमित ठहराव होने से आसपास के गांवों के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिल सकता है।

इंटरलाकिंग कार्य में देरी पर भी जताई चिंता

मंच ने स्टेशन से जुड़े इंटरलाकिंग कार्य में हो रही देरी पर भी चिंता जताई। पदाधिकारियों के अनुसार करीब 50 किलोमीटर क्षेत्र से जुड़े इस कार्य के लंबे समय से लंबित रहने से क्षेत्र की रेल व्यवस्था और यात्री सुविधाओं पर असर पड़ रहा है। उन्होंने रेलवे प्रशासन से कार्य को जल्द पूरा कराने की मांग की।

पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

स्वच्छता अभियान के दौरान वृक्षारोपण एवं साफ-सफाई पर्यवेक्षक जीतू कोली और विनोद सोनी ने कहा कि स्वच्छ वातावरण और पेड़-पौधे स्वस्थ जीवन के लिए जरूरी हैं। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर मंच अध्यक्ष अशोक कटारिया, उपाध्यक्ष महेश बखालिया, सचिव मनीष कोली, धर्मेंद्र सैनी, अनूप शर्मा, अमित कुमार, जतिन जांगिड़, कृष्ण चौधरी, संदीप कुमार, रिंकू, प्रदीप, सुरेंद्र कुमार, सुनील कुमार सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- कोडरमा के रास्ते गया से भुवनेश्वर और संतरागाछी के लिए नई ट्रेनें, धनबाद-शकूर बस्ती स्पेशल के फेरे बढ़े

यह भी पढ़ें- त्योहारी सीजन पर चंडीगढ़ से वाराणसी-पटना के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेनें, जानें क्या रहेगा शेड्यूल