रील में ‘बदमाशी’ का रंग, हाथों में हथियार... कोर्ट की गैलरी में VIDEO बनाना पड़ा भारी; केस दर्ज
युवक राहुल उर्फ कालू के इंस्टाग्राम पर हथियारों और 'गन कल्चर' को बढ़ावा देने वाली रीलों के प्रसारण पर कनीना पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
HighLights
युवक राहुल उर्फ कालू पर 'गन कल्चर' रीलों का आरोप।
नारनौल कोर्ट परिसर में भी वीडियो बनाने की शिकायत।
कनीना पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।
जागरण संवाददाता, नारनौल/कनीना। सोशल मीडिया पर रील बनाकर बदमाशी और गन कल्चर का प्रदर्शन करने का मामला सामने आया है। गांव गुढ़ा निवासी राहुल उर्फ कालू के इंस्टाग्राम अकाउंट पर प्रसारित सामग्री को लेकर एक व्यक्ति ने सदर थाना कनीना में शिकायत दी है।
शिकायतकर्ता की ओर से पुलिस को उपलब्ध कराई गई वीडियो में युवक गन कल्चर से जुड़े गाने पर रील बनाता दिखाई दे रहा है। वीडियो में कुछ हथियार भी नजर आ रहे हैं। इतना ही नहीं, नारनौल कोर्ट परिसर की गैलरी में बैठकर भी युवक ने वीडियो बनाई, जिसमें बैकग्राउंड में बदमाशी से जुड़े गाने चल रहे हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता गुढ़ा निवासी व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि राहुल उर्फ कालू ‘राहुल पंडित’ नाम से इंस्टाग्राम अकाउंट चलाता है। आरोप है कि उसके अकाउंट से हथियारों और गोलियों से संबंधित फोटो व वीडियो प्रसारित की गई हैं।
शिकायत में क्या है?
पुलिस को दी गई सामग्री में एक रील ऐसी बताई गई है, जिसमें गन कल्चर से जुड़े गाने के साथ युवक दिखाई दे रहा है और वीडियो में हथियार भी नजर आ रहे हैं। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि इस तरह की पोस्ट से युवाओं के बीच हथियार और बदमाशी का प्रदर्शन करने वाली प्रवृत्ति को बढ़ावा मिल सकता है।
मामले का दूसरा पहलू नारनौल कोर्ट परिसर की वीडियो है। शिकायतकर्ता के अनुसार, युवक ने कोर्ट की गैलरी में बैठकर भी रील बनाई। इसमें उसके पीछे कोर्ट परिसर दिखाई दे रहा है और बैकग्राउंड में बदमाशी से जुड़ा गाना चल रहा है। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस वीडियो में युवक के पास हथियार नहीं दिखाई दे रहा है।
अब हथियार की वैधता की जांच
शिकायत के आधार पर सदर थाना कनीना पुलिस ने आर्म्स एक्ट की धारा 25, 54 और 59 के तहत मामला दर्ज किया है। अब पुलिस इंस्टाग्राम पर प्रसारित वीडियो और फोटो की जांच कर रही है। साथ ही वीडियो में दिखाई दे रहे हथियार की पहचान और उसकी वैधता का पता लगाया जाएगा।
पुलिस यह भी जांच करेगी कि वीडियो कब की है और उसमें दिखाई दे रहा हथियार युवक के पास किस माध्यम से आया। शिकायत में युवक के विरुद्ध अटेली थाने में पहले भी मामला दर्ज होने का उल्लेख किया गया है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है। फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
जानकारी में आया है कि युवक कहीं कोर्स करने गया था और उसने असलहे के साथ पुरानी फोटो इंस्टाग्राम पर डाली है। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। अब हम वेरिफाई करेंगे कि असलहा लीगल है या इनलीगल, इसकी जांच की जा रही है। कोर्ट की जो वीडियो है, उसमें युवक गैलरी में बैठा हुआ है, उसके पास हथियार नहीं है।
- रविंद्र, एसएचओ, सदर थाना कनीना
यह भी पढ़ें- पुलिस वाला ही बेच रहा था चिट्टा, नारनौल के सिटी थाने में हंगामे के बाद सिपाही सस्पेंड; SP का एक्शन
