विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नारनौल से भी 'उड़ता हरियाणा' फर्जी स्टिंग ऑपरेशन का कनेक्शन, 10 करोड़ की मांग; सीएम को घेरने की थी साजिश

Published: Mon, 12 Oct 2026 07:21 PM (GMT+05:30)

कुरुक्षेत्र में फर्जी लाइव स्टिंग ऑपरेशन के तार नारनौल से जुड़े हैं, जिसमें हरियाणा को 'उड़ता हरियाणा' दिखाने की साजिश का आरोप है।

Haryana police (1)
Haryana police (1)

HighLights

  1. फर्जी स्टिंग के तार नारनौल तक, 'उड़ता हरियाणा' साजिश

  2. पंजाब चुनाव में सीएम सैनी को घेरने की योजना

  3. व्हाट्सएप चैट में 10 करोड़ रुपये की मांग का खुलासा

जागरण संवाददात, नारनौल। कुरुक्षेत्र में फर्जी लाइव स्टिंग ऑपरेशन दिखाकर भ्रामक सामग्री प्रसारित करने के मामले के तार नारनौल तक जुड़े होने की बात सामने आई है।

पुलिस के मुताबिक, हरियाणा को नशे के मामले में बदनाम करने और पंजाब चुनाव में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व भाजपा को घेरने की साजिश रचे जाने का आरोप है। मामले में 10 करोड़ रुपये की मांग किए जाने की बात भी सामने आई है।

10 से ज्यादा जिलों में साजिश का दावा

कुरुक्षेत्र के एसपी चंद्रमोहन ने पुष्टि की है कि हरियाणा को नशे के मामले में ‘उड़ता हरियाणा’ साबित करने के लिए प्रदेश के 10 से ज्यादा जिलों में कथित तौर पर साजिश रची गई थी। इनमें नारनौल भी शामिल है।

जानकारी के मुताबिक, नारनौल में भी लाइव स्टिंग ऑपरेशन किया गया था। इसमें क्षेत्र को नशे के शिकंजे में फंसा होने का दावा किया गया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

वाट्सएप चैट में बड़े खुलासे होने का दावा

मामले की जांच के दौरान वाट्सएप चैट से कई अहम जानकारियां सामने आने की बात कही गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, चैट में आम आदमी पार्टी के नेताओं से बातचीत होने की जानकारी भी सामने आई है।

चैट में कथित तौर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को लेकर आपत्तिजनक दावे किए गए थे। इनमें कहा गया था कि मुख्यमंत्री को घेर लिया गया है और उन्हें पंजाब में घुसने नहीं दिया जाएगा।

10 करोड़ रुपये मांगने का भी आरोप

फर्जी लाइव स्टिंग ऑपरेशन के जरिए भ्रामक सामग्री प्रसारित करने के मामले में 10 करोड़ रुपये की मांग किए जाने की बात भी सामने आई है। आरोप है कि इस पूरे घटनाक्रम के जरिए पंजाब चुनाव में हरियाणा भाजपा और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को निशाना बनाने की योजना थी।

हालांकि, मामले में जांच अभी जारी है और सामने आए आरोपों की जांच के निष्कर्षों का इंतजार है।

कुरुक्षेत्र से इनपुट मिलने पर होगी कार्रवाई

नारनौल के एसपी दीपक कुमार ने कहा कि कुरुक्षेत्र से इनपुट मिलने पर यहां भी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच कुरुक्षेत्र पुलिस कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- नारनौल: हुडा सेक्टर में अकेले रह रहे 80 वर्षीय सेवानिवृत्त अध्यापक मृत मिले