Move to Jagran APP

नप के विकास कार्य आरंभ होने की जगी उम्मीद

नगरपालिका अटेली के नव नियुक्त चेयरमैन जितिन अग्रवाल दसवें चेयरमैन बनेंगे।

By JagranEdited By: Published: Fri, 05 Jun 2020 06:45 PM (IST)Updated: Fri, 05 Jun 2020 06:45 PM (IST)
नप के विकास कार्य आरंभ होने की जगी उम्मीद

संवाद सहयोगी, मंडी अटेली:

loksabha election banner

नगरपालिका अटेली के नव नियुक्त चेयरमैन जितिन अग्रवाल दसवें चेयरमैन के रूप में कार्यभार संभालेंगे। जल्द शपथ ग्रहण समारोह होने की उम्मीद है। उनका कार्यकाल तीन साल का होगा। बृहस्पतिवार को जितिन अग्रवाल को सर्वसम्मति से नगरपालिका का चेयरमैन चुना गया था। शुक्रवार को उन्होंने कस्बे में घर-घर जाकर लोगों का आशीर्वाद लेने के साथ विकास कार्यों में अपना सकारात्मक सहयोग करने की भी अपील की। उनके साथ पूर्व पार्षद अनिल गुप्ता, धर्मेंद्र शर्मा, पार्षद अशोक जांगिड़ साथ थे। 30 वर्षीय जितिन अग्रवाल अटेली ही नहीं जिला महेंद्रगढ़ में सबसे कम आयु का चेयरमैन होने का दावा कर रहे हैं। युवा चेयरमैन होने से युवाओं का सहयोग भी मिलने की उम्मीद की जा सकती है। वे पहली बार पार्षद का चुनाव लड़े तथा नगरपालिका के वार्ड छह से निर्विरोध चुने गए थे वहीं अब चेयरमैन भी निर्विरोध बने हैं। यह बात अलग है कि इसमें तीन पार्षदों ने ही हिस्सा लिया।

यह भी जानना जरूरी:

1952 में स्थापित नगरपालिका ने अनेक चेयरमैन व प्रशासक अधिकारी दिये जिन्होंने नगर के विकास में अपना योगदान दिया। सबसे अधिक समय व सबसे पहले चेयरमैन स्व. गुलजारी मल हैं। उनके पोते संजय गोयल नगर पार्षद से पद मुक्त होने के कारण चेयरमैन की दौड़ से बाहर हो गये। दूसरा चेयरमैन जितिन अग्रवाल के दादा स्व. लाला परमानंद गुप्ता रहे। तीसरा हुकम चंद, चौथा सुगनचंद सैनी, सतीश गुप्ता, सत्यदेव शर्मा, बोहतराम यादव, सुमन गोयल, विकास यादव रहे तथा अब 10वें चेयरमैन के रूप में जितिन अग्रवाल ने नगर की कमान संभाली है।

--------

नगर का विकास काफी समय से अटका हुआ है। दो साल से विकास के नाम पर शहर में एक ईंट तक नहीं लगी है। लोगों ने अनेक समस्याएं बताए हैं। कई रास्तों में सीवर लाइन पूरी नहीं बिछाई गई है तथा कुछ रास्ते कच्चे हैं। कई मार्ग तो ऐसे हैं जिसमें रोड़ियां डालकर छोड़ दिया है। उनका प्रयास नगर के अधिक से अधिक विकास कार्य करवाने का रहेगा। विधायक सीताराम यादव क्षेत्र के विकास के प्रति काफी गंभीर हैं। उनके आशीर्वाद से नगर में जमकर विकास कार्य करवाए जाएंगे। उनके मार्गदर्शन और सभी पार्षदों के सहयोग से नगर की कायाकल्प की जाएगी।

- जितिन अग्रवाल, नवनियुक्त चेयरमैन।

--------------

बृहस्पतिवार को हुआ था चयन: नगर पालिका अटेली के चेयरमैन और उपचेयरमैन का सर्वसम्मति से बृहस्पतिवार को उपमंडल अधिकारी मनीष फोगाट की अध्यक्षता में चयन हुआ था। इसमें सांसद चौधरी धर्मवीर सिंह और विधायक सीताराम यादव भी शामिल हुए थे। सांसद और विधायक के अलावा तीन पार्षदों की उपस्थिति में चेयरमैन व उपचेयरमैन का सर्वसम्मति से चयन हो गया। पांच पार्षद पद मुक्त होने के कारण 11 वार्ड वाली नगरपालिका में 6 पार्षद रह गये थे। इनमें से भी तीन ही नगरपालिका में पहुंचे थे। कोरम के लिए पांच पार्षद की आवश्यकता थी। तीन पार्षद के साथ सांसद व विधायक होने के कारण पांच की संख्या पूरी हो गई। इसमें सर्वसम्मति के साथ वार्ड 6 के पार्षद जितिन अग्रवाल को चेयरमैन तथा वार्ड पांच की पार्षद स्नेहलता को उपचेयरमैन बनाया गया।

दो साल से था इंतजार:

नगरपालिका अटेली का चुनाव 13 मई 2018 को हुआ था। इस दौरान 8 बैठकें हुईं लेकिन कोरम के अभाव में चेयरमैन व उपचेयरमैन का चयन नहीं हो पाया था। चुनावी बैठक में पार्षदों के न पहुंचने पर पूर्व पार्षद द्वारा उच्च न्यायालय में याचिका दायर की गई जिसमें बैठक में न पहुंचने वाले पांच पार्षदों को पदमुक्त कर दिया गया था।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.