निर्माण के अंतिम चरण में महेंद्रगढ़ का नया वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, होली से पहले शुरू होने की उम्मीद
महेंद्रगढ़ में नए जल उपचार संयंत्र का निर्माण अंतिम चरण में है, जिसे होली से पहले शुरू करने का लक्ष्य ...और पढ़ें

महेंद्रगढ़ में नए जल ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण कार्य अब अंतिम चरण में। (AI Generated Image)
HighLights
नए जल उपचार संयंत्र का निर्माण कार्य अंतिम चरण में।
होली से पहले प्लांट शुरू करने का विभाग का लक्ष्य।
आधुनिक तकनीक से मिलेगा लाखों लीटर अतिरिक्त शुद्ध पानी।
संवाद सहयोगी, महेंद्रगढ़। प्रदेश में गर्मी की आहट शुरू होते ही शहर की जल प्रदाय व्यवस्था को लेकर चिंताएं बढ़ने लगी हैं। वर्तमान में देवास जलघर से शहर को होने वाली पानी की सप्लाई अभी भी अल्टरनेट डे (एक दिन छोड़कर) व्यवस्था पर टिकी हुई है।
हालांकि, विभाग का दावा है कि पुनर्निमाण नए वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का कार्य अपने अंतिम चरण में है और होली से पहले इसे शुरू कर दिया जाएगा। यदि यह समय सीमा चूकती है, तो आने वाले भीषण गर्मी के महीनों में उपभोक्ताओं को भारी किल्लत का सामना करना पड़ सकता है।
अंतिम चरण में निर्माण
जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के अनुसार नए डब्ल्यूटीपी(जल ट्रीटमेंट प्लांट) का निर्माण कार्य अब अंतिम चरण में हैं। वर्तमान में पाइप लाइनों के इंटरकनेक्शन और फिल्टर बेड की टेस्टिंग का काम चल रहा है। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि होली से पहले प्लांट को पूरी क्षमता के साथ चालू करने का लक्ष्य रखा गया है।
यह भी पढ़ें- भागलपुर में मार्च में शुरू हो जाएगा वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, मिलने लगेगा पानी
आधुनिक तकनीक से निर्मित नए प्लांट में पानी के शुद्धिकरण के लिए अत्याधुनिक फिल्टरेशन सिस्टम लगाया गया है। इसके शुरू होने से प्रतिदिन लाखों लीटर अतिरिक्त शुद्ध पानी शहर को मिल सकेगा। वर्तमान की पुरानी मशीनरी पर पड़ने वाला दबाव कम होगा, जिससे तकनीकी खराबी की घटनाएं घटेंगी।
अल्टरनेट सप्लाई से परेशान उपभोक्ता
बीते कई महीनों से शहर के अधिकांश हिस्सों में एक दिन छोड़कर पानी की सप्लाई की जा रही है। नागरिकों का कहना है कि सर्दियों में तो जैसे-तैसे काम चल गया, लेकिन अब तापमान बढ़ते ही पानी की खपत बढ़ गई है।
नागरिकों ने कहा कि उम्मीद थी कि गर्मी शुरू होने से पहले रोज पानी मिलने लगेगा, लेकिन अभी भी पुराने शेड्यूल पर ही काम चल रहा है। अगर होली तक प्लांट शुरू नहीं हुआ, तो अप्रैल-मई में स्थिति बिगड़ सकती है।
विभाग के जेई के अनुसार प्लांट का सिविल वर्क पूरा हो चुका है और अब केवल इलेक्ट्रिकल फिटिंग और अंतिम दौर की पॉलिशिंग शेष है। विभाग का तर्क है कि टेस्टिंग में कोई बड़ी खामी न आए, इसलिए सावधानी से काम किया जा रहा है। मार्च के प्रथम सप्ताह में इसे शुरू करने की पूरी तैयारी है।
