महेंद्रगढ़ में घर के आंगन में खून से लथपथ मिला महिला का शव, पति ने परिवार के सदस्यों पर लगाया हत्या का आरोप
महेंद्रगढ़ के ढाणी कुम्हारान गांव में महिला का शव घर के आंगन में खून से लथपथ मिला। मृतका के पति ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड
HighLights
ढाणी कुम्हारान में महिला शकुंतला का शव आंगन में मिला।
पति ने जमीनी विवाद में परिवार पर हत्या का आरोप लगाया।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
संवाद सूत्र, जागरण, महेंद्रगढ़। गांव ढाणी कुम्हारान में शनिवार को घर के आंगन में महिला का खून से लथपथ शव मिलने से सनसनी फैल गई। 48 वर्षीय शकुंतला का शव मिलने के बाद स्वजन ने जमीनी विवाद में हत्या किए जाने की आशंका जताई है
मृतका के पति मीर सिंह ने परिवार के ही चार सदस्यों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी है। सूचना मिलते ही पुलिस और फारेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। फिलहाल हत्या के कारणों और आरोपों की जांच की जा रही है।
मृतका के पति ने दी जानकारी
मृतका के पति मीर सिंह ने पुलिस को बताया कि वह मजदूरी करता है। शुक्रवार, 9 अक्टूबर को वह खेत में काम करने गया था, जबकि उसकी पत्नी शकुंतला शाम को खाना खाने के बाद घर आ गई थी, रात को वह खेत में ही सो गया।
शनिवार सुबह करीब छह बजे गांव का पड़ोसी रितिक उसके पास खेत में पहुंचा और बताया कि सरपंच दिनेश कुमार ने उसे घर बुलाया है। इसके बाद मीर सिंह घर पहुंचा तो वहां सरपंच सहित कुछ अन्य लोग मौजूद थे।
आंगन में पड़ा था शव
मीर सिंह के अनुसार, घर का मुख्य गेट खोलकर अंदर देखा तो उसकी पत्नी आंगन में मुंह के बल खून से लथपथ पड़ी थी। उसके शरीर से खून बह रहा था। पत्नी को सीधा किया तो आंगन में भी खून फैला हुआ था।
इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। घर के आंगन में इस हालत में शव मिलने से घटना को लेकर ग्रामीणों में भी चर्चा रही।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
सूचना मिलने पर सतनाली थाना प्रभारी एसआइ राकेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए महेंद्रगढ़ के पुलिस उपाधीक्षक ऋषिकांत ने भी मौके पर पहुंचकर परिजनों और ग्रामीणों से जानकारी ली। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिवार के सदस्यों पर आरोप
मृतका के पति ने जमीनी विवाद को हत्या की आशंका से जोड़ते हुए परिवार के ही चार सदस्यों पर आरोप लगाए हैं। हालांकि, आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और शिकायत के आधार पर मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।
