विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्लेटफॉर्म पर खत्म होगी भाग-दौड़, महेंद्रगढ़ रेलवे स्टेशन पर लगाए जा रहे डिजिटल कोच डिस्प्ले; 90% काम पूरा

Published: Tue, 06 Oct 2026 05:15 PM (IST)

महेंद्रगढ़ रेलवे स्टेशन पर जल्द ही आधुनिक डिजिटल कोच गाइडेंस और ट्रेन स्टेटस डिस्प्ले बोर्ड की सुविधा मिलेगी। इससे यात्रियों ...और पढ़ें

महेंद्रगढ़ रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर कोच गाइडेंस बोर्ड की टेस्टिंग करता हुआ कर्मचारी। सौ. महासंघ

महेंद्रगढ़ रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर कोच गाइडेंस बोर्ड की टेस्टिंग करता हुआ कर्मचारी। सौ. महासंघ

HighLights

  1. डिजिटल कोच गाइडेंस और ट्रेन स्टेटस डिस्प्ले बोर्ड लगेंगे

  2. यात्रियों को कोच ढूंढने और जानकारी के लिए नहीं भागना पड़ेगा

  3. 90% काम पूरा, जल्द ही सुविधा यात्रियों के लिए शुरू होगी

मोहनलाल अग्रवाल, महेंद्रगढ़। महेंद्रगढ़ रेलवे स्टेशन से यात्रा करने वाले दैनिक और दूर-दराज के यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। भारतीय रेलवे द्वारा स्टेशन के आधुनिकीकरण और यात्री सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है।

अब यात्रियों को ट्रेनों के आने के समय और अपने आरक्षित डिब्बों (कोच) की स्थिति जानने के लिए प्लेटफॉर्म पर इधर-उधर भागना नहीं पड़ेगा।

डिजिटल कोच गाइडेंस बोर्ड लगाए

स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए आधुनिक डिजिटल कोच गाइडेंस बोर्ड और ट्रेन नंबर/लाइव स्टेटस गाइडेंस डिस्प्ले बोर्ड लगभग लगा दिए गए हैं। इन सुविधा के शीघ्र शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है।

इसके शुरू होते ही महेंद्रगढ़ रेलवे स्टेशन पर भी मेट्रो व दिल्ली-जयपुर जैसे बड़े शहरों के जंक्शनों जैसी आधुनिक सुविधाएं मिलने लगेंगी।

बता दें कि महेंद्रगढ़ स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर ट्रेनों के ठहराव के दौरान कोच की सटीक जानकारी देने के लिए शेड व प्लेटफॉर्म पर दोनों साइडों में 23-23 कोच गाइडेंस डिस्प्ले बोर्ड लगाए जा रहे हैं।

इसके अलावा स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार और प्लेटफॉर्म परिसर में बड़े ट्रेन नंबर व स्टेटस डिस्प्ले बोर्ड भी इंस्टॉल किए जा रहे हैं। इन डिजिटल बोर्ड्स को नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम और रेलवे नियंत्रण कक्ष से सीधे जोड़ा जाएगा, जिससे पल-पल की सटीक जानकारी प्रदर्शित होगी।

पहले यात्रियों को होती थीं ये परेशानियां

कोच व ट्रेन डिस्प्ले सिस्टम न होने के कारण यात्रियों को लंबे समय से भारी समस्याओं का सामना करना पड़ता था। ट्रेन स्टेशन पर आते ही यात्रियों को अपना डिब्बा ढूंढने के लिए सामान लेकर एक सिरे से दूसरे सिरे तक दौड़ना पड़ता था।

कई बार एक्सप्रेस और सुपरफास्ट ट्रेनों का ठहराव स्टेशन पर मात्र 2 से 3 मिनट का ही होता है। कोच की सही लोकेशन न पता होने के कारण कई बार यात्रियों की ट्रेन छूट जाती थी या वे गलत डिब्बे में चढ़ने को मजबूर हो जाते थे।

भारी-भरकम सामान के साथ बुजुर्ग महिला यात्री, दिव्यांगजन और छोटे बच्चों वाले परिवारों के लिए प्लेटफॉर्म पर दौड़ना बेहद कष्टदायक और जोखिम भरा होता था।

ट्रेन कौन से प्लेटफॉर्म पर आएगी और कितनी देरी से चल रही है, यह जानने के लिए पूछताछ केंद्र पर यात्रियों की लंबी कतारें लग जाती थीं। स्टेशन पहुंचने के बाद यात्री अपने टिकट के अनुसार निर्धारित कोच बोर्ड के ठीक नीचे जाकर खड़े हो सकेंगे।

इससे एन वक्त पर भाग-दौड़ नहीं करनी पड़ेगी। ट्रेन नंबर गाइडेंस बोर्ड पर ट्रेन का नंबर, नाम, प्लेटफॉर्म संख्या, ट्रेन अभी कहां पर है, कितनी दूरी पर है और कितने समय में स्टेशन पहुंचने वाली है-यह तमाम जानकारी लाइव दिखाई देगी।

बुजुर्गों, महिलाओं व दिव्यांग बच्चों के लिए सुगम यात्रा

डिब्बों की सटीक डिजिटल लोकेशन से बुजुर्गों, महिला यात्रियों, मरीजों और छोटे बच्चों वाले परिवारों को सबसे ज्यादा राहत मिलेगी। वे ट्रेन आने से पहले ही अपने डिब्बे के सामने सुरक्षित खड़े हो सकेंगे।

प्लेटफॉर्म पर अव्यवस्था खत्म होगी और यात्रियों का आवागमन अनुशासित व सुरक्षित रहेगा। बड़े महानगरों के ए-ग्रेड स्टेशनों की तर्ज पर महेंद्रगढ़ स्टेशन पर भी यात्रियों को वर्ल्ड-क्लास डिजिटल सूचना प्रणाली का अनुभव मिलेगा।

90 प्रतिशत से अधिक काम पूरा

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, डिस्प्ले बोर्ड की वायरिंग, माउंटिंग और टेस्टिंग से जुड़ा 90 प्रतिशत से अधिक सिविल व इलेक्ट्रिकल काम पूरा कर लिया गया है। अंतिम चरण के ट्रायल के बाद इसे यात्रियों की सेवा में समर्पित कर दिया जाएगा।

इस सुविधा के बहाल होने से महेंद्रगढ़ और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से सफर करने वाले हजारों दैनिक रेल यात्रियों में खुशी की लहर है। इस विषय में प्रोजेक्ट सुपरविजन सर्विस एजेंसी इंजीनियर मुकुल झा ने बताया कि कोच इंडिकेशन का कार्य स्टेशन पर प्रगति पर चल रहा है।

इसका लगभग 90 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है। शीघ्र ही शेष कार्य भी तय समय में पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद यात्रियों को यह बेहतर सुविधाएं मिल पाएंगी।

दैनिक रेलयात्री महासंघ के अध्यक्ष रामनिवास पाटोदा ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि अमृत योजना के तहत रेलवे स्टेशन महेंद्रगढ़ पर कार्य जोर-शोरों पर है।

यह भी पढ़ें- महेंद्रगढ़ का नारनौल-दादरी हाईवे 1.62 करोड़ की लागत से होगा जगमग, रात्रि आवागमन होगा सुविधाजनक