महेंद्रगढ़ वासियों को सौगात, राव तुलाराम से अग्रसेन चौक तक बनेगा 5km का मॉडल रोड; बदल जाएगा शहर का लुक
महेंद्रगढ़ नगरपालिका ने शहर के प्रमुख मार्ग को 5 किलोमीटर लंबे माडल रोड के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव ...और पढ़ें

महेंद्रगढ़ में बाला जी चौक से बनेगी मॉडल रोड। फोटो: जागरण
HighLights
5 किलोमीटर लंबा माडल रोड परियोजना प्रस्तावित
आधुनिक स्ट्रीट लाइट, फुटपाथ और जल निकासी सुविधा
शहर की सुंदरता और यातायात व्यवस्था में सुधार
मोहनलाल अग्रवाल, महेंद्रगढ़। शहर के विकास, सुंदरीकरण और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने की दिशा में महेंद्रगढ़ नगरपालिका ने एक बड़ी और महत्वपूर्ण पहल की है।
नगरपालिका प्रशासन द्वारा शहर के प्रमुख मार्ग को लगभग पांच किलोमीटर लंबे अत्याधुनिक माडल रोड के रूप में विकसित करने की योजना तैयार की गई है।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए आवश्यक बजट की स्वीकृति हेतु प्रस्ताव प्रदेश सरकार के पास भेज दिया गया है। प्रशासनिक मंजूरी और बजट आवंटन मिलते ही धरातल पर निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
इन प्रमुख स्थानों से होकर गुजरेगा माडल रोड
प्रस्तावित योजना के अनुसार, यह पांच किलोमीटर लंबा माडल मार्ग शहर के कई व्यस्त और महत्वपूर्ण चौराहों को आपस में जोड़ेगा। इसकी शुरुआत राव तुलाराम चौक से होगी, जिसके बाद यह बालाजी चौक, रेलवे स्टेशन मोड़, पुराना चुंगी चौक, पुराना बस स्टैंड, नीमड़ी मोहल्ला, देवास रोड़ होते हुए महाराज अग्रसेन चौक तक पहुंचेगा।
यह मार्ग शहर के प्रमुख व्यावसायिक और आवासीय क्षेत्रों को जोड़ने वाला मुख्य जरिया है, जिससे रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं। माडल रोड बनने से शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।
आधुनिक सुख-सुविधाओं से लैस होगी नई सड़क
नगरपालिका द्वारा तैयार इस विशेष योजना के तहत सड़क को केवल नया रूप ही नहीं दिया जाएगा, बल्कि इसे आधुनिक शहरी मापदंडों के अनुसार विकसित किया जाएगा।
पूरे पांच किलोमीटर के मार्ग पर अत्याधुनिक स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी, जिससे रात के समय रोशनी की बेहतरीन व्यवस्था रहेगी। पैदल चलने वाले नागरिकों और राहगीरों की सुरक्षा के लिए सड़क के दोनों ओर व्यवस्थित फुटपाथ का निर्माण किया जाएगा।
बारिश के दिनों में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए सड़क के साथ-साथ अंडरग्राउंड ड्रेनेज (जल निकासी) सिस्टम विकसित होगा। शहर के मुख्य चौराहों और मोड़ों को नए सिरे से सजाया व चौड़ा किया जाएगा, जिससे दुर्घटनाओं में कमी आएगी और शहर का लुक बेहतर होगा।
नगर पालिका प्रधान रमेश सैनी का कहना है कि प्राथमिक लक्ष्य शहरवासियों को आधुनिक और सुगम ढांचा प्रदान करना है। माडल रोड का निर्माण महेंद्रगढ़ को एक सुंदर, स्वच्छ और व्यवस्थित शहर बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
शहर के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने से स्थानीय व्यापारियों, दैनिक यात्रियों और बाहर से आने वाले लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। बजट की मंजूरी मिलते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू कर काम में तेजी लाई जाएगी।
यह भी पढ़ें- 8 दिन तक जिंदगी और मौत के बीच लड़ी जंग, महेंद्रगढ़ में दो साल की बच्ची की नहीं बच सकी जान
