विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महेंद्रगढ़ में पूर्व मंत्रियों और विधायकों के आवास वाली VIP रोड की बदलेगी सूरत, 33.61 लाख होंगे खर्च 

Published: Tue, 18 Aug 2026 05:35 PM (IST)

महेंद्रगढ़ के ब्रह्मचारी मार्ग का 33.61 लाख रुपये की लागत से जीर्णोद्धार कार्य अगले महीने शुरू होगा। पुरानी एजेंसी की ...और पढ़ें

वीपीआई मार्ग की बदलेगी सूरत। फोटो: जागरण

वीपीआई मार्ग की बदलेगी सूरत। फोटो: जागरण

मोहनलाल अग्रवाल, महेंद्रगढ़। शहर के सबसे व्यस्त और महत्वपूर्ण मार्गों में शामिल ब्रह्मचारी मार्ग की बदहाली अब जल्द दूर होने वाली है। ख्यालीराम धर्मशाला से लेकर देवीलाल पार्क तक बनने वाले 430 मीटर लंबे मार्ग के निर्माण में आ रही प्रशासनिक बाधाएं खत्म हो गई हैं।

निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने वाली पुरानी एजेंसी का टेंडर नगर पालिका प्रशासन ने रद कर दिया है और उसकी प्रतिभूति राशि (सिक्योरिटी डिपॉजिट) भी जब्त कर ली है।

अब नई प्रक्रिया के तहत टेंडर अलॉट कर दिया गया है। करीब 33.61 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क का निर्माण मानसून बीतते ही अगले माह शुरू होगा।

एक साल से लटका था प्रोजेक्ट, ढिलाई पर हुई कार्रवाई

उल्लेखनीय है कि 430 मीटर लंबे इस पैच का निर्माण करीब एक साल पहले ही पूरा हो जाना चाहिए था। लेकिन पुरानी निर्माण एजेंसी की लापरवाही के कारण काम अटका रहा।

नगरपालिका प्रशासन ने जनहित को ध्यान में रखते हुए पहले एजेंसी को नोटिस दिया और आर्थिक जुर्माना (पेनल्टी) लगाया। इसके बावजूद जब काम शुरू नहीं हुआ तो प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए एजेंसी का अनुबंध रद कर उसकी सिक्योरिटी राशि जब्त कर ली। इसके बाद तुरंत नया टेंडर अलॉट कर दिया गया।

तीन-चार साल से गड्ढों और धूल से परेशान थे राहगीर

बीते करीब तीन-चार वर्षों से ब्रह्मचारी मार्ग पूरी तरह जर्जर हाल में था। सड़क पर बने गहरे गड्ढे, उखड़ी गिट्टियां और उड़ती धूल के कारण यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों, दुकानदारों और स्थानीय निवासियों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही थी।

टेंडर प्रक्रिया पूरी होने और अगले महीने से निर्माण शुरू होने की खबर से स्थानीय लोगों और राहगीरों ने राहत की सांस ली है।

वीआईपी आवासों और मुख्य बाजारों की लाइफलाइन है सड़क

ब्रह्मचारी मार्ग शहर के प्रमुख संपर्क मार्गों में से एक है। यह मार्ग पूर्व मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा, विधायक कंवर सिंह यादव और पूर्व विधायक राव बहादुर सिंह के आवासों को जोड़ता है।

इसके अलावा सतनाली मोड़, महाराणा प्रताप चौक और प्रसिद्ध पीर बाबा स्थल जाने के लिए भी लोग इसी रास्ते का उपयोग करते हैं। 11 हट्टा बाजार के आसपास के घने रिहायशी इलाकों के लोगों के लिए बस स्टैंड से ऑटो मार्केट तक पहुंचने का यह सबसे सुगम और छोटा मार्ग है।

दूसरे हिस्से को भी नए सिरे से बनाने की मांग

430 मीटर के नए पैच का काम शुरू होने की खबर से लोगों में खुशी है, लेकिन उन्होंने सड़क के दूसरे हिस्से की बदहाली का मुद्दा भी उठाया है।

पूर्व विधायक राव बहादुर सिंह के आवास से लेकर महाराणा प्रताप चौक तक सड़क का हिस्सा पिछली योजना में बनाया गया था, लेकिन घटिया सामग्री के इस्तेमाल से वह बनते ही उखड़ गया था।

तब लोगों के विरोध के बाद महज पैचवर्क कर काम चलाया गया था, जो ज्यादा दिन नहीं टिका। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि नपा प्रशासन इस दूसरे हिस्से का भी नया एस्टीमेट बनाकर इसे पक्के तौर पर दोबारा बनवाए।

'विकास कार्यों की गुणवत्ता और समयसीमा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। काम में ढिलाई बरतने वाली पुरानी एजेंसी का टेंडर रद कर जुर्माना लगाया गया है।

अब 33.61 लाख रुपये के बजट से 430 मीटर लंबे ब्रह्मचारी मार्ग के निर्माण के लिए नई एजेंसी तय कर दी गई है। मानसून खत्म होते ही निर्माण कार्य तेजी से पूरा करवाया जाएगा ताकि जनता को गड्ढा मुक्त सड़क मिल सके।'

- रमेश सैनी, नपा प्रधान।

यह भी पढ़ें- महेंद्रगढ़ वाले ध्यान दे! कनीना, रामबास और भोजावास में दो दिन तीन घंटे बिजली गुल रहेगी