भगवान शिव करें हर नागरिक का कल्याण: मुख्यमंत्री
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि भगवान शिव कल्याणकारी देव हैं। सावन की शिवरात्रि के पावन पर्व पर भगवान भोले शंकर से हरियाणा की जनता के लिए कामना करता हूं कि वे अपनी अनुकंपा इसी प्रकार बनाए रखें और प्रदेश के हर नागरिक का कल्याण हो। मुख्यमंत्री गांव राठीवास के भूरास्ता मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक करने के बाद संबोधित कर रहे थे..
जागरण संवाददाता, महेंद्रगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि भगवान शिव कल्याणकारी देव हैं। शिवरात्रि के पावन पर्व पर भगवान भोले शंकर से हरियाणा की जनता के लिए कामना करता हूं कि वे अपनी अनुकंपा इसी प्रकार सभी पर बनाए रखें और प्रदेश के हर नागरिक का कल्याण हो। मुख्यमंत्री गांव राठीवास के भूरास्ता मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक करने के बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे। वे यहां शिक्षा मंत्री प्रो.रामबिलास शर्मा के अनुज राजू द्वारा 31वीं कांवड़ चढ़ाने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संत, सन्यासी व साध्वी के प्रवचनों को सुनना अच्छा होता है इसलिए हमें महापुरुषों के प्रवचन सुनने चाहिए। साध्वी ऋतंभरा के कथावाचन का भी सभी को लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि उन्हें भगवान नीलकंठ को जल चढ़ाने का मौका मिला, इससे मैं धन्य हुआ हूं। इससे पहले मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में आयोजित हवन में आहुतियां दी। करीब एक मिनट के संबोधन में उन्होंने प्रदेश के लोगों के कल्याण की कामना की। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री प्रो.शर्मा ने मुख्यमंत्री का पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। कार्यक्रम में वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, हरियाणा विधानसभा की डिप्टी स्पीकर संतोष यादव, नारनौल के विधायक ओमप्रकाश यादव, हरियाणा एग्रो इंडस्ट्रीज के चेयरमैन गो¨वद भारद्वाज, हरियाणा व्यापार कल्याण बोर्ड के चेयरमैन गोपाल शरण गर्ग, भारतीय जनता पार्टी के जिला प्रभारी डॉ.अर¨वद यादव, प्रदेश सचिव मनीष मित्तल, जिला प्रधान शिवकुमार मेहता, महामंत्री रमेश तंवर, भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष पवन खैरवाल आदि मौजूद थे।
राठीवास गांव पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री मनोहर लाल हेलीकॉप्टर से महेंद्रगढ़ के कॉलेज ग्राउंड पहुंचे जहां रेवाड़ी साउथ रेंज के आइजी श्रीकांत जाधव, जिला उपायुक्त डॉ.गरिमा मित्तल, एसपी विनोद कुमार सहित प्रशासनिक अधिकारियों व भाजपा पदाधिकारियों ने उनकी अगवानी की। सतनाली रोड पर स्थित आरपीएस स्कूल में भी मुख्यमंत्री का ग्रामीणों की ओर से स्वागत किया गया।