जोधपुर-गोरखपुर स्पेशल ट्रेन का संचालन फिर शुरू, महेंद्रगढ़ में भी ठहराव से यात्रियों को बड़ी राहत
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए जोधपुर से गोरखपुर के बीच स्पेशल ट्रेन का संचालन दोबारा शुरू किया है। यह ट्रेन महेंद्रगढ़ रेलवे स्टेशन पर भी रुकेगी।

जोधपुर से गोरखपुर के बीच एक नई स्पेशल ट्रेन का संचालन दोबारा शुरू किया जाएगा।
HighLights
जोधपुर-गोरखपुर स्पेशल ट्रेन का संचालन दोबारा शुरू।
महेंद्रगढ़ रेलवे स्टेशन पर भी ट्रेन का ठहराव।
दैनिक संचालन और अतिरिक्त ठहराव की मांग।
संवाद सहयोगी, महेंद्रगढ़। रेलवे प्रशासन की ओर से यात्रियों की सुविधा के लिए जोधपुर से गोरखपुर के बीच एक नई स्पेशल ट्रेन का संचालन दोबारा शुरू किया जाएगा। उत्तर-पश्चिम रेलवे के इस फैसले से क्षेत्र के यात्रियों में खुशी की लहर है। इस गाड़ी का महेंद्रगढ़ रेलवे स्टेशन पर भी ठहराव तय किया गया है, जिससे स्थानीय यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए एक बेहतर विकल्प मिलेगा।
नौ ट्रिप लगाएगी स्पेशल ट्रेन
दैनिक रेलयात्री महासंघ के अध्यक्ष रामनिवास पाटोदा ने बताया कि गाड़ी संख्या 04829 (जोधपुर से गोरखपुर) का संचालन एक अक्टूबर से आगामी 26 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार को किया जाएगा। वहीं, वापसी में गाड़ी संख्या 04830 (गोरखपुर से जोधपुर) दो अक्टूबर से 27 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को चलेगी।
आगामी दो महीनों के भीतर यह ट्रेन कुल नौ ट्रिप (नौ बार जाना और 9 बार आना) पूरे करेगी। यह ट्रेन एक अक्टूबर, आठ अक्टूबर,15 अक्टूबर, 22 ,व 29 अक्टूबर को तथा नवंबर माह में पांच नवंबर, 12 नवंबर, 19 नवंबर व 26 नवंबर को गोरखपुर के लिए रवाना होगी।
क्या रहेगा ट्रेन का समय और रूट?
यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन की समय-सारणी इस प्रकार तय की गई है:
जोधपुर से गोरखपुर (04829): यह गाड़ी प्रत्येक वीरवार को शाम 4:15 बजे जोधपुर से रवाना होगी। इसके बाद रात 9:35 बजे रतनगढ़, देर रात 12:30 बजे लोहारू, रात 1:07 बजे महेंद्रगढ़, रात 2:50 बजे रेवाड़ी, अलसुबह 4:45 बजे दिल्ली और गाजियाबाद, मुर्रादाबाद, बरेली, शहाजहांपुर, सीतापुर, गौंडा, बस्ती होकर इसी रूट से गोरखपुर तक आवागमन करेगी।
गोरखपुर से जोधपुर (04830): वापसी में यह ट्रेन शुक्रवार की रात 11:25 बजे गोरखपुर से चलेगी। वाया दिल्ली होते हुए यह शनिवार को दोपहर 5:00 बजे रेवाड़ी और शाम 5: 40 बजे महेंद्रगढ़ पहुंचेगी। इसके बाद लोहारू, सादलपुर, चूरू, रतनगढ़ और सुजानगढ़ होते हुए शनिवार शाम को ही जोधपुर पहुंचेगी।
दैनिक संचालन और अतिरिक्त ठहराव की मांग
इस ट्रेन के दोबारा शुरू होने से यात्रियों को बड़ी राहत तो मिली है, लेकिन इसके फेरे बढ़ाने की मांग को लेकर रेलमंत्री को पत्र भेजा है तथा इस गाड़ी की आमदनी रेलवे विभाग को तीन साल में अच्छी मिल रही है। रेलयात्री महासंघ के अध्यक्ष रामनिवास पाटोदा ने रेलवे प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि इस ट्रेन का संचालन साप्ताहिक के बजाय प्रतिदिन किया जाए। इसके साथ ही सतनाली, कनीना व डहीना, पाटौदी रोड़ स्टेशनों पर भी इस ट्रेन का ठहराव सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।
