विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा को मिलेगी नई आर्थिक रफ्तार, CM नायब सिंह ने किया नांगल चौधरी लॉजिस्टिक्स हब के रेल संपर्क का शुभारंभ

Published: Sun, 23 Aug 2026 04:21 PM (IST)

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नांगल चौधरी में इंटीग्रेटेड मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक्स हब के रेल संपर्क का शुभारंभ किया, जिसे हरियाणा की नई आर्थिक रफ्तार बताया।

हरियाणा की नई आर्थिक रफ्तार को हरी झंडी दिखाई गई है। जागरण

हरियाणा की नई आर्थिक रफ्तार को हरी झंडी दिखाई गई है। जागरण

HighLights

  1. मुख्यमंत्री सैनी ने लॉजिस्टिक्स हब के रेल संपर्क का उद्घाटन किया।

  2. यह हब हरियाणा की नई आर्थिक रफ्तार का प्रतीक है।

  3. उत्पाद अब दुनिया के बाजारों तक तेजी से पहुंचेंगे।

जागरण संवाददाता, नारनौल। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को नांगल चौधरी क्षेत्र में इंटीग्रेटेड मल्टी माडल लाजिस्टिक हब के रेल संपर्क शुभारंभ समारोह के बाद उद्योगपतियों व निवेशकों के साथ बैठक आयोजित की। उन्होंने कहा कि आज केवल एक रेलगाड़ी को रवाना नहीं किया गया है, बल्कि यह हरियाणा की नई आर्थिक रफ्तार को हरी झंडी दिखाई गई है।

इस मौके पर उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, नारनौल के विधायक ओम प्रकाश यादव, महेंद्रगढ़ के विधायक कंवर सिंह यादव उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा अब केवल वस्तुओं का उत्पादक ही नहीं रहेगा, बल्कि अपने उत्पादों को वैश्विक और घरेलू बाजार तक तेजी से पहुंचाने का एक प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार जताया

उन्होंने इस दूरगामी परियोजना के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि उनके निरंतर मार्गदर्शन और निगरानी में यह एकीकृत बहु-प्रणाली माल ढुलाई केंद्र प्रदेश के समग्र विकास का ऐतिहासिक मील का पत्थर साबित होगा।

उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने इस महत्वाकांक्षी योजना की मजबूत नींव रखी थी। अब यह परियोजना प्रधानमंत्री के वर्ष 2047 के 'विकसित भारत' के राष्ट्रीय संकल्प को साकार करने में आधारशिला की भूमिका निभाएगी।

नया विकास मॉडल धरातल पर तेजी से बढ़ रहा 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का नया विकास मॉडल धरातल पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस माडल के माध्यम से अब हरियाणा के स्थानीय उत्पाद सीधे दुनिया के बड़े बाजारों तक अपनी मजबूत पहुंच बनाएंगे और यह संपूर्ण क्षेत्र आने वाले समय में एक प्रमुख आर्थिक राजधानी के रूप में अपनी पहचान स्थापित करेगा।

उन्होंने कहा कि समग्र दृष्टि से यह पूरी परियोजना दो चरणों में कुल 886 एकड़ के विशाल भूभाग पर आकार ले रही है। फिलहाल पहले फेज में 408 एकड़ में काम पूरा हो चुका है।

औद्योगिक दक्षता में भी भारी वृद्धि होगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां आधुनिक माल ढुलाई, भंडारण, वस्तुओं की लदाई-उतराई और उनके त्वरित प्रेषण की व्यवस्था को अत्यधिक व्यवस्थित एवं समय बचाने वाला बनाया गया है। इससे न केवल उद्योगों के समय और धन की बचत होगी, बल्कि औद्योगिक दक्षता में भी भारी वृद्धि होगी।

उन्होंने देश और प्रदेश के प्रमुख उद्यमियों का आह्वान किया कि वे सार्वजनिक-निजी सहभागिता व्यवस्था के तहत आमंत्रित निविदाओं में बढ़-चढ़कर भाग लें और हरियाणा की इस अभूतपूर्व प्रगति यात्रा में सक्रिय साझेदार बनें।

यह भी पढ़ें- CM नायब सिंह सैनी की रैली के बीच रेवाड़ी में जमीन कब्जाने पहुंचे भूमाफिया, पुलिस पर भी उठे सवाल

यह आधुनिक केंद्र आने वाले दिनों में स्थानीय युवाओं, व्यापारियों और उद्यमियों के लिए समृद्धि के अनगिनत नए मार्ग प्रशस्त करेगा।