जरूरतमंदों की सहायता के लिए राज्यपाल ने जिला प्रशासन को भेजा प्रशंसा पत्र
कोरोना महामारी के कारण चल रहे लॉकडाउन के दौरान जरूरतमंदों की मदद के लिए किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों के लिए हरियाणा के राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य ने उपायुक्त एवं जिला रेडक्रास समिति के अध्यक्ष जगदीश शर्मा को प्रशंसा पत्र भेजा है।
जागरण संवाददाता, नारनौल : कोरोना महामारी के कारण चल रहे लॉकडाउन के दौरान जरूरतमंदों की मदद के लिए किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों के लिए हरियाणा के राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य ने उपायुक्त एवं जिला रेडक्रास समिति के अध्यक्ष जगदीश शर्मा को प्रशंसा पत्र भेजा है। राज्यपाल ने प्रशंसा पत्र में जिला में मानवता की सेवा और कोविड-19 जैसी वैश्विक महामारी के उन्मूलन के लिए हो रहे सार्थक कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि विषम परिस्थितियों में मानवतावादी सोच के साथ सराहनीय कार्य हो रहे हैं। इससे यह प्रतीत होता हैं कि हरियाणा प्रदेश आप जैसे कुशल अधिकारियों के हाथों में सुरक्षित है। राज्यपाल ने लॉकडाउन के दौरान रेडक्रॉस शाखाओं, सहयोगी संस्थाओं व स्वयंसेवकों द्वारा गरीब बेसहारा व जरूरतमंद लोगों तक सूखा राशन, भोजन के पैकेट्स व अन्य आवश्यक सामान पहुंचाना, सामाजिक दूरी व लॉकडाउन के बारे में आमजन को जागरूक करना, मास्क, हैंड सैनिटाइजर, सुरक्षा दस्तानों, जरूरी दवाईयों का सुव्यवस्थित ढंग से वितरण व रक्तदान सेवा एवं कामगारों को अपने घर भिजवाने के कार्य में मदद करने व अन्य जनहित कार्य जारी रखने में सराहनीय कार्य हो रहे हैं। उपायुक्त जगदीश शर्मा ने कहा कि राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य ने इस संकट की घड़ी में जिला रेडक्रॉस समिति द्वारा हो रहे मानवतावादी कार्यों की प्रशंसा की जिसके लिए हम उनके आभारी हैं। लॉकडाउन के दौरान अधिकारी व कर्मचारी बेहतरीन कार्य कर रहे हैं।