खाटूश्यामजी के भक्तों को रेलवे का तोहफा, एकादशी पर चलेंगी स्पेशल ट्रेनें; दिल्ली-रेवाड़ी ट्रेन का रींगस तक विस्तार
रेलवे ने देवउठनी एकादशी पर खाटूश्यामजी जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष ट्रेनों की घोषणा की है। नारनौल, रेवाड़ी, हिसार ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
देवउठनी एकादशी पर खाटूश्यामजी के लिए विशेष ट्रेनें।
दिल्ली-रेवाड़ी ट्रेन सेवा का रींगस तक विस्तार।
नारनौल सहित कई शहरों से मिलेगी अतिरिक्त सुविधा।
जागरण संवाददाता, नारनौल। देवउठनी एकादशी पर खाटूश्यामजी के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को रेलवे ने बड़ी राहत दी है। त्योहार के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने नारनौल और आसपास के क्षेत्रों से होकर गुजरने वाली कई विशेष रेल सेवाओं का संचालन करने के साथ दिल्ली-रेवाड़ी रेल सेवा का रींगस तक अस्थायी विस्तार भी किया है।
हिसार-रींगस, कुरुक्षेत्र-फुलेरा, रेवाड़ी-रींगस और दिल्ली सराय-ढेहर का बालाजी के बीच विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी। इसके अलावा दिल्ली-रेवाड़ी ट्रेन भी दो दिन रींगस तक जाएगी। इन सेवाओं से नारनौल, अटेली, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी और आसपास के श्रद्धालुओं को खाटूश्यामजी पहुंचने के लिए अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार देवउठनी एकादशी पर अतिरिक्त यात्री यातायात को देखते हुए विशेष रेल सेवाओं का संचालन किया जा रहा है। इनमें कुछ अनारक्षित स्पेशल ट्रेनें हैं, जबकि दिल्ली-रेवाड़ी रेल सेवा का अस्थायी विस्तार किया गया है।
हिसार-रींगस स्पेशल 19 से 21 नवंबर तक चलेगी
गाड़ी संख्या 04747 हिसार-रींगस अनारक्षित स्पेशल 19 से 21 नवंबर तक तीन ट्रिप करेगी। यह हिसार से सुबह 9:55 बजे रवाना होकर शाम 4:30 बजे रींगस पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 04748 रींगस-हिसार स्पेशल शाम 5:50 बजे रींगस से रवाना होकर रात 12:10 बजे हिसार पहुंचेगी। नारनौल स्टेशन पर हिसार से रींगस जाते समय ट्रेन दोपहर 1:52 बजे पहुंचेगी और 1:54 बजे रवाना होगी। वापसी में शाम 7:30 बजे आगमन और 7:32 बजे प्रस्थान होगा।
ट्रेन का ठहराव अटेली, रेवाड़ी, नारनौल, डाबला, नीमकाथाना, कांवट और श्रीमाधोपुर सहित निर्धारित स्टेशनों पर होगा। इसमें 13 साधारण श्रेणी और दो गार्ड डिब्बों सहित कुल 15 डिब्बे होंगे।
रेवाड़ी-रींगस के बीच भी दो दिन स्पेशल ट्रेन
गाड़ी संख्या 09637 रेवाड़ी-रींगस एक्सप्रेस स्पेशल 19 और 20 नवंबर को दो ट्रिप करेगी। यह रेवाड़ी से सुबह 11 बजे रवाना होकर दोपहर 2:20 बजे रींगस पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 09638 रींगस-रेवाड़ी स्पेशल 19 और 20 नवंबर को दोपहर 2:55 बजे रींगस से रवाना होकर शाम 6:20 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी।
नारनौल में रेवाड़ी से रींगस जाते समय ट्रेन सुबह 11:55 बजे पहुंचेगी और 11:57 बजे रवाना होगी। वापसी में शाम 4:38 बजे आगमन और 4:40 बजे प्रस्थान होगा। इस ट्रेन का ठहराव कुंड, काठूवास, अटेली, नारनौल, अमरपुर जोरासी, निजामपुर, डाबला, मांवडा, नीमकाथाना, कांवट और श्रीमाधोपुर में होगा। ट्रेन में 13 साधारण श्रेणी और दो गार्ड डिब्बों सहित कुल 15 डिब्बे होंगे।
दिल्ली-रेवाड़ी ट्रेन का रींगस तक अस्थायी विस्तार
रेलवे ने गाड़ी संख्या 74001 दिल्ली-रेवाड़ी रेल सेवा का 19 और 20 नवंबर को रींगस तक अस्थायी विस्तार किया है। यह ट्रेन दिल्ली से रात 8:05 बजे रवाना होकर रेवाड़ी में रात 10:30 बजे पहुंचेगी और 10:50 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 1:45 बजे रींगस पहुंचेगी।
नारनौल स्टेशन पर इसका आगमन रात 11:37 बजे और प्रस्थान रात 11:39 बजे होगा। वापसी में गाड़ी संख्या 74002 रींगस-दिल्ली रेल सेवा 20 और 21 नवंबर को रात 2:05 बजे रींगस से रवाना होकर नारनौल में सुबह 3:36 बजे पहुंचेगी और 3:38 बजे रवाना होगी।
यह ट्रेन सुबह 8:10 बजे दिल्ली पहुंचेगी। इस विस्तार के दौरान दिल्ली-रेवाड़ी के बीच निर्धारित समय सारिणी में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
कुरुक्षेत्र-फुलेरा स्पेशल से भी मिलेगी सुविधा
गाड़ी संख्या 04745 कुरुक्षेत्र-फुलेरा अनारक्षित स्पेशल 18 से 21 नवंबर तक संचालित होगी। यह कुरुक्षेत्र से रात 11:30 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 8:30 बजे फुलेरा पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 04746 फुलेरा-कुरुक्षेत्र स्पेशल 19 से 22 नवंबर तक सुबह 9:50 बजे रवाना होकर रात 8 बजे कुरुक्षेत्र पहुंचेगी।
नारनौल स्टेशन पर कुरुक्षेत्र से फुलेरा जाते समय ट्रेन सुबह 5:19 बजे पहुंचेगी और 5:21 बजे रवाना होगी। वापसी में दोपहर 12:40 बजे आगमन और 12:42 बजे प्रस्थान होगा। इसका ठहराव रेवाड़ी, कुंड, अटेली, नारनौल, डाबला, नीमकाथाना, कांवट, श्रीमाधोपुर और रींगस सहित निर्धारित स्टेशनों पर होगा।
दिल्ली सराय-ढेहर का बालाजी के बीच भी स्पेशल ट्रेन
गाड़ी संख्या 04474 दिल्ली सराय-ढेहर का बालाजी स्पेशल 18 से 20 नवंबर तक रात 11:55 बजे दिल्ली सराय से रवाना होकर अगले दिन सुबह 5:15 बजे ढेहर का बालाजी पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 04473 ढेहर का बालाजी-दिल्ली सराय स्पेशल 19 से 21 नवंबर तक सुबह 6:50 बजे रवाना होकर दोपहर 2 बजे दिल्ली सराय पहुंचेगी। नारनौल में दिल्ली से ढेहर का बालाजी जाते समय ट्रेन रात 2:23 बजे पहुंचेगी और 2:25 बजे रवाना होगी।
वापसी में सुबह 9:50 बजे आगमन और 9:52 बजे प्रस्थान होगा। इसका ठहराव रेवाड़ी, नारनौल, नीमकाथाना, श्रीमाधोपुर, रींगस और चौमूं सामोद सहित निर्धारित स्टेशनों पर होगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।