विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

11 बार कांवड़ ला चुका था दीपक, इस बार घर पहुंचने से पहले ही छूटी सांस; नारनौल में अज्ञात वाहन ने ली जान

Published: Tue, 11 Aug 2026 04:43 PM (IST)Updated: Tue, 11 Aug 2026 05:41 PM (IST)

कांवड़ यात्रा से लौट रहे दीपक बागड़ी की नारनौल में 152डी हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई।

HighLights

  1. कांवड़ यात्री दीपक की सड़क हादसे में मौत।

  2. अज्ञात वाहन ने 152डी हाईवे पर टक्कर मारी।

  3. पीछे छोड़ गए पत्नी और दो छोटे बच्चे।

संवाद सहयोगी, कनीना (नारनौल)। हर साल कांवड़ लेकर आने वाला दीपक इस बार भी भगवान शिव का जल लेकर अपने घर की ओर लौट रहा था, लेकिन मंजिल तक पहुंचने से पहले ही 152डी हाईवे पर उसकी जिंदगी का सफर खत्म हो गया।

मंगलवार तड़के करीब चार बजे सेहलंग के पास डाक कांवड़ लेकर लौट रहे दीपक बागड़ी को पीछे से आए अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर मारने वाला वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

मृतक दीपक बागड़ी राजस्थान के झुंझुनूं जिले के बुहाना तहसील क्षेत्र के गांव खांदवा का रहने वाला था। ग्रामीण सुरेंद्र बागड़ी ने बताया कि दीपक करीब 11 बार कांवड़ ला चुका था। इस बार भी वह डाक कांवड़ लेकर लौट रहा था।

deepak kanwar

गाड़ी से उतरने के बाद वह सड़क पर चल रहा था। इसी दौरान पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दीपक को नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर स्वजन को सूचना दी।

पत्नी और दो छोटे बच्चों का इंतजार रह गया अधूरा

दीपक दिहाड़ी करके परिवार का पालन-पोषण करता था। परिवार में माता-पिता के अलावा पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं। रोज कमाकर परिवार चलाने वाले दीपक की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

जिस पिता के लौटने का बच्चे इंतजार कर रहे थे, उसके घर अब शव पहुंचा। दीपक के पिता विजय सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 152डी हाईवे पर सेहलंग के पास अज्ञात वाहन ने उनके बेटे को पीछे से टक्कर मारी।

पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 106 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य माध्यमों से टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान करने में जुटी है।

 

यह भी पढ़ें- शुभम के थकने पर सलीम बना सहारा: उठा ली उसकी 101 लीटर जल की कांवड़; दिखा दोस्ती और सामाजिक समरसता का रंग