यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 24, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बच्चों ने भेंट कर दी, गायों के उपचार के लिए गुल्लक की राशि
जागरण संवाददाता, नारनौल : बातचीत में जब गायों का दुख-दर्द सुना तो एक परिवार के बच्चे उनकी

जागरण संवाददाता, नारनौल : बातचीत में जब गायों का दुख-दर्द सुना तो एक परिवार के बच्चे उनकी मदद को आगे आ गए। बच्चों ने अपने गुल्लक की राशि को गऊओं के उपचार के लिए भेंट कर दी। यह नजारा स्टेडियम के नजदीक स्थित गोमाता उपचारशाला में देखने को मिला। मोहल्ला मोती नगर के रहने वाले शिक्षक संजय शर्मा के परिवार के कुछ बच्चों ने गौ शाला के लिए अनूठा दान दिया। यह राशि भले ही बहुत बड़ी न रही हो, पर इसके पीछे एक बहुत बड़ा संदेश जरूर छोड़ दिया।
इस बारे में शिक्षक संजय शर्मा ने बताया कि गोमाता उपचारशाला में उपस्थित घायल गायों की दशा देखकर बच्चे द्रवित हो गए और अपनी जमापूंजी इस संस्थान को देकर गायों के लिए दवा और चारे की व्यवस्था में सहयोग देने का निर्णय लिया। उन्होंने बताया कि गोमाता उपचारशाला में सहयोग के लिए जब वह अपने किसी साथी से चर्चा कर रहे थे तो बच्चों ने इसे सुन लिया। बेटी साक्षी शर्मा ने तुरंत कहा कि वह भी बीमार गायों के लिए कुछ करना चाहती है और उसने अपना गुल्लक, जो बहुत सहेज कर रखती थी, लाकर दे दिया। गुल्लक की राशि गायों के लिए देने को कहा। साक्षी गुल्लक की इस राशि को अपने पापा के जन्मदिन पर उपहार के लिए कोई चीज खरीदने के लिए प्रयोग करना चाहती थी। इससे प्रेरणा लेकर परिवार के अन्य बच्चे परी, मुकुल, अंशु और हिरेन ने भी ठीक वैसा ही किया।
संस्थान ने इन बच्चों को सम्मानित करते हुए जज्बे को सराहा। इस अवसर पर रामजीलाल सैनी, नरोत्तम सोनी, मुनीम जगदीश शर्मा, बाबूलाल सैनी सचिव, जय¨सह व डॉ. नितेश आदि उपस्थित थे।
