विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अटेली के 50 से अधिक गांवों की बदलेगी तस्वीर, मंत्री आरती सिंह राव ने किया ₹72.85 करोड़ के कार्यों का शिलान्यास

Published: Tue, 17 Nov 2026 07:08 PM (IST)

स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने अटेली और सिहमा खंड में ₹72.85 करोड़ की 141 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व ...और पढ़ें

आरती सिंह राव ने 72.85 करोड़ की 141 परियोजनाओं की दी सौगात। फाइल फोटो

आरती सिंह राव ने 72.85 करोड़ की 141 परियोजनाओं की दी सौगात। फाइल फोटो

HighLights

  1. स्वास्थ्य मंत्री ने 141 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास किया।

  2. अटेली और सिहमा खंड में ₹72.85 करोड़ के कार्य।

  3. सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य केंद्र, रेस्ट हाउस प्रमुख परियोजनाएं।

संवाद सहयोगी, मंडी अटेली। अटेली विधानसभा क्षेत्र में मंगलवार को विकास परियोजनाओं की झड़ी लग गई। किसी गांव को नई सड़क मिली तो किसी को पेयजल की नई पाइपलाइन, कहीं स्वास्थ्य केंद्र की सौगात मिली तो कहीं सामुदायिक भवन बनने का रास्ता साफ हुआ।

स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने सिहमा और अटेली खंड में 72 करोड़ 85 लाख 62 हजार रुपये की लागत की 141 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास कर क्षेत्र के विकास को नई रफ्तार देने का प्रयास किया। इस दौरान सबसे बड़ी परियोजना उनिंदा गांव में 15 करोड़ 87 लाख रुपये की लागत से बनने वाले रेस्ट हाउस की रही। मंत्री ने नारियल फोड़कर इसकी आधारशिला रखी।

सिहमा खंड के 11 गांवों में 9.86 करोड़ रुपये से अधिक की 27 परियोजनाएं शामिल की गई हैं। इनमें अटाली, छापड़ा सलीमपुर, दौंगड़ा अहीर, दौंगड़ा जाट, दुलोठ जाट, कलवाड़ी, मुंडियाखेड़ा, सागरपुर, सिलारपुर और सुरानी सहित अन्य गांवों को विकास कार्यों की सौगात मिली।

पांच सड़कों पर खर्च होंगे 2.97 करोड़

पांच सड़कों के निर्माण पर करीब 2.97 करोड़ रुपये खर्च होंगे। अटाली से कलवाड़ी, दौंगड़ा अहीर से सिलारपुर और सागरपुर से सिलारपुर सहित कई मार्गों का निर्माण क्षेत्र के ग्रामीणों के आवागमन को आसान बनाएगा।

गांवों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए अटाली में 55 लाख रुपये से उपस्वास्थ्य केंद्र और सिलारपुर में 48.20 लाख रुपये से आयुष इकाई बनाई जाएगी। सागरपुर में 65 लाख रुपये से सामुदायिक केंद्र का निर्माण होगा।

इसके अलावा जोहड़ों को आरसीसी पाइपलाइन से जोड़ने, नारनौल ब्रांच पर 1.14 करोड़ रुपये से वीआर पुल बनाने, व्यायामशालाओं, चौपालों और श्मशान घाटों से जुड़े कार्य भी शामिल हैं।

पेयजल योजनाओं पर खर्च होंगे 17.31 करोड़

अटेली खंड के 50 से अधिक गांवों में 62.99 करोड़ रुपये की 114 परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया गया। इनमें सबसे अहम नौ पेयजल पाइपलाइन परियोजनाएं हैं, जिन पर करीब 17.31 करोड़ रुपये खर्च होंगे। कांटी में 4.37 करोड़, बिहाली में 3.03 करोड़ और खेड़ी में 2.89 करोड़ रुपये की परियोजनाएं शामिल हैं।

सड़क निर्माण में खेड़ी से राजस्थान सीमा तक 3.62 करोड़, रामपुरा से बिहाली तक 1.97 करोड़ और गनियार से खुंडरोठ तक 1.31 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

सिंचाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए रामपुरा जोहड़ में पानी भरने की 2.10 करोड़ रुपये की योजना और बेगपुर के जोहड़ों में बरसाती पानी पहुंचाने के कार्य किए जाएंगे। इसके अलावा चार उपस्वास्थ्य केंद्र, आठ ग्राम सचिवालय और कई सामुदायिक केंद्रों का निर्माण भी प्रस्तावित है।

गांवों में पानी की कमी बताएं, समाधान होगा

जनसभा में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गांवों से लेकर शहरों तक चहुंमुखी विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उनिंदा में रेस्ट हाउस की मांग मुख्यमंत्री के सामने रखी गई थी, जिसे उन्होंने तुरंत मंजूरी दी।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री एवं नारनौल विधायक ओमप्रकाश यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष डाक्टर यतेंद्र राव, जिला परिषद चेयरमैन डाक्टर. राकेश कुमार, विजय उर्फ सोनू दौंगड़ा, शीशराम सरपंच, विकास सरपंच, सतबीर सरपंच, जितेंद्र आर्य, विक्रम सरपंच, अभय सिंह, राजेन्द्र,सरपंच जयदयाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।