दौखेरा माइंस पर बदमाशों में फिर की अंधाधुंध फायरिग
नांगल चौधरी में एक बार फिर अपराध व अपराधियों के हौसलें बुलंद होने लगे है।
संवाद सहयोगी, नांगल चौधरी : नांगल चौधरी में एक बार फिर अपराध व अपराधियों के हौसले बुलंद होने लगे हैं। बदमाशों में न पुलिस का कोई भय है और न ही पुलिस बदमाशों के प्रति गंभीर दिखाई देती है। इससे यहां की शांति व्यवस्था चौपट हो चली है और लोग भय के माहौल में जीवन व्यतीत करने को मजबूर है। हालात यह बन गए कि एक सप्ताह में ही दूसरी बार शनिवार आधी रात को बदमाशों ने दौखेरा माइंस पर पहुंचकर अंधाधुंध फायरिग की, जिससे एक डंपर व बोलेरो गाड़ी के शीशे से गोली आर-पार हो गई। गनीमत रही कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। वरना एक बड़ी दुर्घटना से इंकार नही किया जा सकता। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने गोली के खोल भी बरामद किए है। पुलिस ने दस-ग्यारह अज्ञात बदमाशों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर धर पकड़ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार दौखेरा में जेडी माइंस संचालित है। शनिवार रात करीब बारह बजे एक कैंपर गाड़ी व स्कार्पियो में सवार होकर 10-11 बदमाश माइंस पर पहुंचे। वहां कार्यरत कारिदों को धमकाते हुए अंधाधुंध फायरिग शुरू कर दी। इससे माइंस पर तैनात कारिदे व गाड़ी चालक इधर-उधर छिप गए। घटना में एक डंपर व एक बोलेरो गाड़ी के शीशे से गोली पार हो गई। माइंस के नजदीक ही गरीब परिवारों की बस्ती है। इससे लोग गोली की आवाज सुनकर सहम गए। घटना को अंजाम देकर बदमाश भागने में सफल रहे। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक बदमाश भाग चुके थे। पुलिस ने घटनास्थल से गोली के खोल भी बरामद किए। बदमाशों ने यह घटना एक सप्ताह में दूसरी बार दोहराई है।
ग्रामीणों का कहना है कि घटना से गांव में भय और अशांति का माहौल बना हुआ है। जबकि फायरिग की घटनाओं को लेकर पुलिस गंभीर नहीं है। ग्रामीणों ने मामले में लापरवाही पर पुलिस जमकर भर्त्सना की है। वर्जन :
दौखेरा माइंस पर बदमाशों ने फायरिग की है। मौके से गोली के कुछ खोल भी बरामद हुए हैं। डंपर के शीशे में भी गोली लगी है। अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। बदमाश किसी भी सूरत में पुलिस गिरफ्त से बच नहीं पाएंगे।
- राजकुमार, कार्यवाहक थाना इंचार्ज, नांगल चौधरी।