सतनाली में गंदे माहौल में बन रहा था 'देसी घी', खाद्य सुरक्षा विभाग ने 2,000 किलो घी किया जब्त; लैब भेजे सैंपल
खाद्य सुरक्षा विभाग ने महेंद्रगढ़ के सतनाली में एक देसी घी फैक्ट्री पर छापा मारा। अस्वच्छ परिस्थितियों में बन रहे ...और पढ़ें

गंदगी में बन रहा था देसी घी।
HighLights
सतनाली की घी फैक्ट्री पर खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा।
अस्वच्छ परिस्थितियों में बन रहा 2,000 किलोग्राम घी जब्त।
गुणवत्ता जांच हेतु आठ खाद्य नमूनों को प्रयोगशाला भेजा।
संवाद सहयोगी, महेंद्रगढ़। आमजन की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने महेंद्रगढ़ और सतनाली क्षेत्र में दो अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। इस दौरान सतनाली की एक देसी घी फैक्ट्री से करीब 2,000 किलोग्राम घी जब्त किया गया।
टीम का नेतृत्व नारनौल के खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. अमित कुमार ने किया। कार्रवाई के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता परखने के लिए कुल आठ नमूने लिए गए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
सबसे गंभीर हालात सतनाली की घी फैक्ट्री में सामने आए। निरीक्षण में टीम ने पाया कि यहां घी का निर्माण बेहद अस्वच्छ और अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में किया जा रहा था। इसे देखते हुए टीम ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए लगभग 2,000 किलोग्राम देसी घी सीज कर दिया और नियमानुसार जरूरी दस्तावेजी कार्रवाई पूरी की।
'खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं'
डॉ. अमित कुमार ने साफ शब्दों में कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि नमूनों की लैब रिपोर्ट आते ही दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने खाद्य कारोबारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि वे खाद्य पदार्थों का निर्माण और बिक्री तय स्वच्छता मानकों के अनुसार ही करें और उपभोक्ताओं को सुरक्षित व गुणवत्तापूर्ण सामग्री उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए इस तरह की जांच और कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।