नाइट डोमिनेशन में 1409 वाहनों की जांच, 62 के चालान, 16 इंपाउंड
बृहस्पतिवार रात्रि को जिला महेंद्रगढ़ में नाइट डोमिनेशन अभियान चलाया गया।
जागरण संवाददाता, नारनौल :
बृहस्पतिवार रात्रि को जिला महेंद्रगढ़ में नाइट डोमिनेशन अभियान चलाया गया। इसमें 30 स्थानों पर नाके लगाए गए। अभियान के दौरान कुल 207 पुलिस कर्मचारी व पुलिस अधीक्षक समेत पांच डीएसपी सड़क पर रहकर नाकों का निरीक्षण किया। आए दिन हो रहे लूटपाट और रंगदारी के मामलों को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से यह अभियान चलाया हुआ है। पुलिस प्रवक्ता नरेश कुमार ने बताया कि पुलिस महानिदेशक के आदेश से जिला महेंद्रगढ़ में नाइट डोमिनेशन अभियान चलाया गया। इस दौरान जिले को पूरी तरह सील करने के लिए 30 स्थानों पर नाके लगाए गए। इसके अलावा पैदल गश्त राइडर, पीसीआर ड्यूटी लगाई गई। पुलिस अधीक्षक व जिले के सभी डीएसपी भी रात्रि चेकिग पर रहे। इस अभियान के दौरान नाके पर तैनात पुलिस कर्मचारियों ने प्रत्येक वाहन की गहनता से जांच की। वहीं पैदल आने जाने वाले लोगों से भी पूछताछ की। यह अभियान रात दस बजे से सुबह चार बजे तक चला। इसमें 1409 वाहनों को चेक किया गया। जिसमें 62 संदिग्ध वाहनों के चालान किए गए। वहीं 16 वाहनों के कागजात नहीं दिखाने पर इंपाउंड किया गया। वहीं एक व्यक्ति से गाड़ी में फरसा मिलने पर उसे गिरफ्तार किया गया। यह नाइट डोमिनेशन समय-समय पर पुलिस महानिदेशक के आदेश से चलाया जाता हैं। अभियान का मुख्य उद्देश्य यह है कि कई बार चेकिग के दौरान वांछित अपराधी पुलिस गिरफ्त में फंस जाते हैं।
लोहे का फरसा बरामद एक गिरफ्तार :
नाइट डोमिनेशन में जांच के दौरान निजामपुर रोड टी-प्वाइंट पर ओल्ड चौकी इंचार्ज एसआइ महेश कुमार ने नाका लगाया हुआ था। निजामपुर की तरफ से एक नीले रंग की स्कार्पियों गाड़ी आई जिसको चेक किया गया तो गाड़ी में एक लोहे के फरसा बरामद हुआ। इस पर गाड़ी चालक हरमनप्रीत निवासी खन्ना पंजाब के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करके गिरफ्तार किया है। जिसे शुक्रवार को नारनौल न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने आरोपित को जमानत पर छोड़ दिया।