युवक ब्रह्मसरोवर पर बेच रहे थे पाकिस्तान जिंदाबाद लिखे गुब्बारे, मचा हड़कंप
कुरुक्षेत्र में गीता जयंती महोत्सव के सरस मेले के दौरान ब्रह्मसरोवर पर पाकिस्तान जिंदाबाद लिखा गुब्बारा मिलने से सनसनी फैल गई। कुछ युवक ऐसे गुब्बारे बेच रहे थे।
कुरुक्षेत्र, जेएनएन। अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के दौरान ब्रह्मसरोवर पर सनसनी फैल गई। यहां पाकिस्तान जिंदाबाद लिखा गुब्बारा मिला और इससे हड़कंप मच गया। ब्रह्म सरोवर के एक गेट पर कुछ युवक पाकिस्तान जिंदाबाद लिखे गुब्बारे बेच रहा था। इस बारे में पता चलने पर पुलिस वहां पहुंची ताे ये लड़के वहां से भाग गए।
एक प्रत्यक्षदर्शी मलखान सिंह ने बताया कि ब्रह्मसरोवर के गेट नंबर पांच पर पांच-सात लड़के पाकिस्तान जिंदाबाद लिखे गुब्बारे बेच रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस व मीडिया कर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस को आता देख ये लड़के वहां से गायब हो गए।
पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि ब्रह्मसरोवर पर पुलिस नाके से पहले ऐसा गुब्बारा मिला है, जिसे किसी ने वहां फेंका था। प्राथमिक रूप से यह किसी की शरारत लग रही है। मामले की जांच की जा रही है। वह स्वयं सीसीटीवी फुटेज जांच रहे हैं। खुफिया तंत्र को सक्रिय किया गया है। अब तक ये गुब्बारे यहां लाने वाले का पता नहीं चला है।
-----------
गीता महोत्सव से सामाजिक बुराइयों पर प्रहार
दूसरी आेर अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में लोगों की भीड़ उमड़ रही है। शनिवार को लगभग डेढ़ लाख लोग सरस व शिल्प मेला देखने पहुंचे। एक ही दिन में करोड़ों रुपये की खरीदारी होने से शिल्पकारों के चेहरे खिले रहे। रविवार काे भी सुबह से काफी संख्या में लोग उमड़ रहे हैं।
इसके साथ ही शनिवार को सांस्कृतिक संध्या में कवियों ने लोगों को खूब गुदगुदाया। उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र पटियाला के कलाकारों ने पूर्वी घाट पर बेहतरीन प्रस्तुति दी तो पुरुषोत्तमपुरा बाग में मंच पर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग की टीम ने धमाल मचाया।
कुरुक्षेत्र के ब्रह्मसरोवर पर सेल्फी लेतीं लोक कलाकार।
ब्रह्म सरोवर के घाटों पर पर्यटकों के बीच में बहुरुपियों ने बच्चों को मनोरंजन किया। दिन भर शिल्पकारों और फूड स्टॉलों पर पर्यटकों की भीड़ लगी रही। ब्रह्मसरोवर के चारों ओर घाटों पर बने बारामदों में 700 के लगभग स्टॉल लगे हैं। इनमें 400 से ज्यादा स्टॉल क्राफ्ट और सरस मेले में आए शिल्पकारों को अलॉट हैं। मेला स्थल पर छह जगह लगे फूड कोर्ट में भी कई राज्यों के स्वादिष्ट व्यंजन हैं।
हरिओम पंवार ने युवाओं में राष्ट्रभक्ति का जोश भरा
महोत्सव के कवि सम्मेलन में प्रसिद्ध कवियों को सुनने के लिए युवाओं की भीड़ देर रात तक डटी रहे। कवियों ने एक से एक प्रस्तुति देकर समां बांध दिया और खूब तालियां बटोरी। कवियों ने सामाजिक बुराइयों पर जमकर प्रहार किए और वीर रस कवि हरिओम पंवार ने युवाओं में राष्ट्रभक्ति का जोश भरा।
यह भी पढ़ें: पीएम को एक गरीब लड़की का पत्र - मोदी जी, मेरी सिस्टर की शादी है, प्लीज आप जरूर आना
हरियाणवी कवि अरुण जेमिनी ने भी अपनी कविता में संस्कारों को महत्व देने की सीख के साथ-साथ पड़ोसी देश को सलाह दी कि अगर इसी तरह की हरकत जारी रही तो आने वाले दिनों में दुनिया के नक्शे से उसका नामो-निशान ही मिट जाएगा। गजेंद्र सोलंकी, डॉ. धुवेंद्र, राधाकांत पांडे, ममता शर्मा, मनबीर शर्मा व जगबीर राठी ने भी अपने-अपने अंदाज में प्रस्तुति दी। इसके पश्चात संगीता शर्मा और रंजू प्रसाद ने डांस ड्रामा प्रस्तुत किया।
यह भी पढ़ें: पंजाब का प्रस्ताव- श्री करतारपुर साहिब गुरुद्वारे की जमीन की पाक से हो अदला-बदली
------
मॉरीशिस के राष्ट्रपति ने किया जीओ गीता प्रदर्शनी का अवलोकन
मॉरीशस के राष्ट्रपति प्रामाशिव्यम पिल्लै व्यापरे ने गीता ज्ञान संस्थानम में जीओ गीता प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद को मॉरीशस में 12 से 17 फरवरी तक आयोजित किए जाने वाले गीता जयंती समारोह में यह प्रदर्शनी लगाने का निमंत्रण दिया है।