सकारात्मक रूप में होना चाहिए सोशल मीडिया का इस्तेमाल : कुमार
विद्या भारती के क्षेत्रीय प्रचार प्रमुख राजेंद्र कुमार ने कहा कि सोशल मीडिया का इस्तेमाल हमेशा सकारात्मक रूप में होना चाहिए। यह एक बिना नियंत्रण का हथियार है।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : विद्या भारती के क्षेत्रीय प्रचार प्रमुख राजेंद्र कुमार ने कहा कि सोशल मीडिया का इस्तेमाल हमेशा सकारात्मक रूप में होना चाहिए। यह एक बिना नियंत्रण का हथियार है। इसका जितना अधिक इस्तेमाल समाज की भलाई में हो उतना ही बेहतर होगा। वह विद्या भारती की ओर से गीता सह शिक्षा विद्यालय में आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला के समापन अवसर पर संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि आज भारत के अधिकांश लोग सोशल मीडिया का प्रयोग करते हैं इसके माध्यम से हम अपने विचार व हमारे द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों को उन तक पंहुचा सकते हैं। कार्यशाला में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के जन संचार विभाग के एसोसिएट प्रो. अजय सैनी ने प्रतिभागियों को फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी के बारे विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया समाचार प्रकाशन में सबसे अधिक योगदान अच्छी फोटो का रहता है।
विद्या भारती के प्रांत प्रचार प्रमुख संजय चौधरी ने बताया कि दो दिवसीय कार्यशाला में 34 विभिन्न स्तर के विद्यालयों के प्रचार प्रमुखों ने हिस्सा लिया। इस कार्यशाला में प्रतिभागियों को पत्रकारिता के विभिन्न आयामों के बारे विस्तार से जानकारी दी गई। समापन कार्यक्रम में संगठन मंत्री रवि कुमार, प्रशिक्षण प्रमुख रामकुमार, सतपाल शर्मा, रमेश शर्मा, सुमन बत्रा उपस्थित रहे।