कुरुक्षेत्र के लिए कई प्राजेक्ट पर एक साथ चल रहा है काम : नायब सैनी
सांसद नायब सिंह सैनी ने कहा कि कुरुक्षेत्र को विश्व पर्यटन में चमकाने के लिए कई प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है। इस धर्मस्थली को स्वदेश दर्शन योजना के तहत श्रीकृष्णा सर्किट में शामिल किया गया है। इस सर्किट के तहत कुरुक्षेत्र के तीर्थ व पर्यटन स्थलों को विकसित किया जा रहा है।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : सांसद नायब सिंह सैनी ने कहा कि कुरुक्षेत्र को विश्व पर्यटन में चमकाने के लिए कई प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है। इस धर्मस्थली को स्वदेश दर्शन योजना के तहत श्रीकृष्णा सर्किट में शामिल किया गया है। इस सर्किट के तहत कुरुक्षेत्र के तीर्थ व पर्यटन स्थलों को विकसित किया जा रहा है। इस श्रीकृष्णा सर्किट के प्रथम चरण में 97.50 करोड़ रुपये खर्च किया जा रहा है और दूसरे चरण में भी तीर्थों को विकसित करने की योजना पर काम शुरु हो चुका है। वह शनिवार को केडीबी मीडिया सेंटर में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र की धरा से सर्व मानव जाति के कल्याण के लिए महोत्सव के माध्यम से पवित्र ग्रंथ गीता के संदेश दिए जा रहे हैं, यह संदेश जन-जन तक पहुंचे, इस उदेश्य को लेकर ही सरकार ने वर्ष 2014 के बाद से गीता जयंती को अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का दर्जा देने का काम शुरु किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल की सोच है कि कुरुक्षेत्र टूरिस्ट हब के रुप में विकसित हो और इस धरा से दुनिया का प्रत्येक व्यक्ति गीता के संदेश और अच्छी सोच लेकर जाए।