माता वैष्णो देवी की पूजा-अर्चना देख बन गया हिंदू, ससुराल वालों के कोप का बना शिकार
एक दुकान पर काम करने वाला अल्वसंख्यक वर्ग का युवक अपने मालिक को माता वैष्णाे देवी की पूजा करते देखकर हिंदू बन गया। इस पर उसकी पत्नी व ससुराल वालों ने उसकी पिटाई कर दी।
जेएनएन, कुरुक्षेत्र। जिले के पिहोवा में एक अल्पसंख्यक वर्ग का युवक काम करता था। दुकान का मालिक रोज अपनी दुकान में माता वैष्णाे देवी की पूजा-अर्चना करता था। इससे वह युवक काफी प्रभावित हुआ और उसने भी माता की पूजा-अर्चना करनी शुरू कर दी। उसने नवरात्र के व्रत भी रखे ओर बाद में हिंदू धर्म अपना लिया। युवक ने आरोप लगाया है कि इससे नाराज होकर उसकी पत्नी और ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे बुरी तरह पीटकर घायल कर दिया।
गुरुनानक पुरा मुहल्ला में रह रहे मेरठ के भूनियापुर ट्यूवबेल निवासी युवक ने बताया कि वह 20 साल से कुरुक्षेत्र में नाई का काम कर रहा है। उसके साले का सेक्टर 17 में सैलून है। वहां वह भी काम करता था। उसकी सारी तनख्वाह उसका साला उसकी पत्नी को दे देता था। लगभग ढाई साल पहले उसने अपने साले की दुकान से काम छोड़ दिया था। उसके बाद उसने केरल और पिहोवा में काम किया।
उसने बताया कि पिहोवा में वह जिस दुकान मालिक के पास काम करता था, वह हिंदू था और दुकान पर माता वैष्णो देवी की पूजा करता था। उसी से प्रेरित होकर वह भी माता वैष्णो देवी की पूजा करने लगा। कुछ समय पहले उसने हिंदू धर्म अपना लिया। उसने मांस खाना छोड़ दिया और नवरात्र के व्रत भी रखे। उसने अपने गले में वैष्णो माता का लॉकेट भी डाला हुआ है। इससे पत्नी व ससुराल वाले नाराज हो गए और उस पर झूठे आरोप लगाने लगे कि उसके किसी हिंदू लड़की के साथ संबंध हैं। युवक ने पुलिस को पत्नी व सालों के खिलाफ शिकायत दी है, हालांकि अभी पुलिस ने केस नहीं दर्ज किया है।
नाम परिवर्तन के लिए याचिका
युवक ने बताया कि उसने नाम परिवर्तन के लिए यमुनानगर की अदालत में अपना नाम कर्ण रखने के लिए सशपथ अर्जी दे रखी है। कृष्णा गेट पुलिस चौकी प्रभारी देवेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस जांच कर रही है। जो तथ्य सामने आएंगे उसी के अनुसार आगे कार्रवाई की जाएगी।