आपदा प्रबंधन में रेडक्रॉस की अहम भूमिका : सचदेवा
कुरुक्षेत्र कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि वैश्विक महामारी दौरान पूरे विश्व में रेडक्रॉस की अहम भूमिका रही है।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि वैश्विक महामारी दौरान पूरे विश्व में रेडक्रॉस की अहम भूमिका रही है। आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न क्षेत्रों में रेडक्रॉस के स्वयंसेवकों ने महत्वपूर्ण काम किया है।
उन्होंने यह बात शनिवार को विश्व रेडक्रॉस दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में कही। उन्होंने कहा कि सभी यूथ रेडक्रॉस स्वयंसेवक सावधानी के साथ निर्भय होकर समाज की सेवा में अपना योगदान करें। आज इस वैश्विक संकट के दौरान समाज को जागरूकता देने के लिए स्वयंसेवक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। हमें इस विकट स्थिति में प्रशासन का यथासंभव सहयोग करना चाहिए। सभी कोविड दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए समाजहित में दूसरों को भी प्रेरित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी स्वयंसेवक जिला प्रशासन की ओर से दिए गए लिक पर जाकर अपना पंजीकरण करवा कर समाजसेवा में अपना योगदान दे सकते हैं। कुलसचिव डा. संजीव शर्मा ने कहा कि हमारे स्वयंसेवक समाज की धुरी हैं। स्वयंसेवकों के योगदान से हम इस संकट में भयमुक्त समाज के लिए कार्य कर सकते हैं। यूथ रेडक्रॉस के को-ऑर्डिनेटर व छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. अनिल वशिष्ठ ने विवि में यूथ रेडक्रॉस यूनिट व उनके कार्यों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि यूथ रेडक्रॉस कुवि के सभी भवनों में ऑटोमेटिक सैनिटाइजर स्थापित करने जा रहा है। यूथ रेडक्रॉस की ओर से कोरोना संक्रमित व्यक्तियों को निशुल्क भोजन भी मुहैया करवाया जा रहा है। इस अवसर पर यूथ रेडक्रॉस इंचार्ज डा. रमेश कुमार, प्रोग्राम काउंसलर डा. निरूपमा भट्टी, विजय कुमार, फील्ड को-आर्डिनेटर राजेंद्र सैनी, लोक संपर्क विभाग के उप-निदेशक डा. दीपक राय बब्बर व ओएसडी पवन रोहिला मौजूद रहे।