विवाहिता को नहर में धकेला, ग्रामीणों ने बचाया
थाना केयूके अंतर्गत एक गांव की विवाहिता को नहर में धकेलने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने महिला को नहर में देखा तो उसे बाहर निकाला। महिला को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया जहां से उसे एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया। महिला की हालत अभी में गंभीर बताई जा रही है।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : थाना केयूके अंतर्गत एक गांव की विवाहिता को नहर में धकेलने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने महिला को नहर में देखा तो उसे बाहर निकाला। महिला को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से उसे एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया। महिला की हालत अभी में गंभीर बताई जा रही है।
थाना केयूके के एसआइ सुभाष चंद ने बताया कि एक 32 वर्षीय महिला मंदीप कौर ने पुलिस को बताया कि उसकी आठ साल पहले कर्णबीर के साथ शादी हुई थी। शादी के बाद से ही उसका पति व सास उसे तंग कर रहे थे। उसके साथ मारपीट की जाती थी। शनिवार को भी उसके साथ मारपीट की गई। वह बेसुध हालत में थी। रविवार सुबह उसके पति व सास ने मिलकर उसे किरमच के समीप नहर में धकेल दिया। नहर की पटरी पर सैर कर रहे लोगों ने उसे बचाया। महिला के परिजनों का कहना था कि मंदीप कौर के साथ पहले भी उसके ससुराल वाले मारपीट करते थे, इसके बारे में उन्होंने उसके ससुराल पक्ष के लोगों के साथ बातचीत की थी, मगर वह नहीं माने। पुलिस ने विवाहिता की शिकायत पर उसके पति कर्णबीर व सास के खिलाफ हत्या के प्रयास व मारपीट का मामला दर्ज किया था। एसआइ सुभाष चंद ने बताया कि पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर उसके पति व सास के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।