विश्व के बदलते परिवेश के अनुसार अपडेट रहें विद्यार्थी : शर्मा
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. कैलाश चंद्र शर्मा ने कहा आधुनिक समय में विद्यार्थियों को विश्व के बदलते परिवेश के अनुसार अपने आपको ढालना होगा।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र :
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. कैलाश चंद्र शर्मा ने कहा आधुनिक समय में विद्यार्थियों को विश्व के बदलते परिवेश के अनुसार अपने आपको ढालना होगा। इसके लिए उन्हें निरंतर हो रहे बदलावों पर नजर रखते हुए अपडेट रहना होगा। वह कुवि के इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मास्यूटिकल साइंस की ओर से आयोजित ड्रग डिस्कवरी : विकास में अवसर और चुनौतियां विषय पर आयोजित सेमिनार मे संबोधित कर रहे थे।
टेट ड्रंग कंट्रोलर एनके आहुजा ने कहा कि देश में जिस तरह की बीमारियां बढ़ती जा रही हैं, विद्यार्थियों को शोध कर उनकी दवाएं तैयार करनी होंगी। नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मास्यूटिकल एजुकेशन एंड रिसर्च मोहाली के एसोसिएट प्रो. संयोग जैन ने कहा कि नैनो तकनीक से कई नए प्रयोग किए जा रहे हैं। जवाहर लाल नेहरू कैंसर अस्पताल भोपाल के सीनियर साइंटिस्ट डॉ. एन गणेश ने कैंसर के उपचार में हुई प्रगति के बारे में बताया। इसके साथ-साथ उन्होंने भारत में बांझपन की समस्या और उसके निदान के बारे में भी जागरूक किया। संस्थान के निदेशक डॉ. एसी राणा, डॉ. रजनीश शर्मा, सेमिनार के सह-समन्वयक डॉ. सुखबीर लाल, आयोजन सचिव डॉ. राकेश पाहवा, डॉ. सुरेंद्र वर्मा व डॉ. मनीष देवगन मौजूद रहे।