विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कुरुक्षेत्र में पुलिस की कार्रवाई पर बवाल, परिवार ने लगाए मारपीट और जातिसूचक टिप्पणी के आरोप

Published: Sun, 24 May 2026 01:55 PM (IST)

कुरुक्षेत्र के पिपली में पुलिस कार्रवाई को लेकर विवाद गहरा गया है, जहां एक परिवार ने पुलिस पर घर में घुसकर मारपीट और जातिसूचक शब्द कहने का आरोप लगाया है।

पिपली में पुलिस कार्रवाई पर बवाल, पुलिस ने जारी किया वीडियो।

पिपली में पुलिस कार्रवाई पर बवाल, पुलिस ने जारी किया वीडियो।

HighLights

  1. पुलिस पर घर में घुसकर मारपीट, जातिसूचक टिप्पणी का आरोप

  2. पुलिस ने टीम के साथ धक्का-मुक्की का वीडियो किया जारी

  3. मामला फैक्ट्री में मारपीट, पैसे छीनने की घटना से जुड़ा

जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र। पिपली में पुलिस कार्रवाई को लेकर विवाद गहरा गया है। एक ओर जहां परिवार ने पुलिस पर घर में घुसकर मारपीट, जातिसूचक शब्द कहने और बेटे को जबरन उठाने के गंभीर आरोप लगाए हैं, वहीं पुलिस ने अपने पक्ष में टीम के साथ हुई धक्का-मुक्की का वीडियो जारी किया है।

मामला सेक्टर दो स्थित एक फैक्ट्री में हुई मारपीट और पैसे छीने जाने की घटना से जुड़ा बताया जा रहा है। इसी मामले की जांच और आरोपित से पूछताछ के लिए पुलिस रात को उसके घर पहुंची थी। इसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई और विवाद बढ़ गया।

पिपली निवासी गुलाबो देवी ने पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन को दी शिकायत में आरोप लगाया कि रात करीब 11 बजे पुलिस उसके घर पहुंची। इस दौरान उसके बेटे राहुल को थप्पड़ मारा गया और घसीटकर बाहर ले जाने की कोशिश की गई।

परिवार का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें डकैती के झूठे केस में फंसाने की धमकी दी और जातिसूचक शब्दों का भी इस्तेमाल किया। परिवार का यह भी कहना है कि उनके बेटे का किसी भी झगड़े या वारदात से कोई संबंध नहीं है। हंगामा बढ़ने पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए, जिसके बाद पुलिस टीम वहां से लौट गई।

टीम के साथ धक्का-मुक्की की: डीएसपी

डीएसपी लाडवा निर्मल सिंह ने बताया कि सेक्टर दो की फैक्ट्री के मालिक धर्मपाल की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में कहा गया था कि कर्मचारी राहुल नौकरी छोड़कर गया था और बाद में अपने साथियों के साथ फैक्ट्री पहुंचकर मारपीट की, गाली-गलौज की और करीब डेढ़ लाख रुपये छीन लिए।

उन्होंने कहा कि पुलिस टीम जब आरोपित को पकड़ने पहुंची तो उसने व उसके स्वजन ने टीम के साथ धक्का-मुक्की की। एक वीडियो में महिला पुलिसकर्मियों से बहस और धक्का-मुक्की करती दिखाई दे रही है। फिलहाल दोनों पक्षों के आरोपों के बीच मामला गरमा गया है। पुलिस ने जांच जारी रखने और निष्पक्ष कार्रवाई करने की बात कही है।