बेमौसमी बरसात ने फसलों को किया तहस-नहस : चौटाला
पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी ओम प्रकाश चौटाला ने कहा कि बेमौसमी बरसात ने फसलों को तहस नहस कर दिया है। इससे किसान बुरी तरह से प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे में सरकार विशेष गिरदावरी करवाएं ताकि किसानों को समय रहते राहत प्रदान की जाए।
संवाद सहयोगी, इस्माईलाबाद : पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी ओम प्रकाश चौटाला ने कहा कि बेमौसमी बरसात ने फसलों को तहस नहस कर दिया है। इससे किसान बुरी तरह से प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे में सरकार विशेष गिरदावरी करवाएं, ताकि किसानों को समय रहते राहत प्रदान की जाए। वे यहां पूर्व चेयरमैन सुरेश कंसल के आकस्मिक निधन पर परिवार को सांत्वना देने पहुंचे थे।
चौटाला ने कहा कि इस महीने की बरसात ने किसानों की कमर तोड़ कर रख दी है। गेहूं, सरसों व सब्जी की फसलें तबाही के कगार पर पहुंच चुकी हैं। बरसात के कारण गेहूं और सरसों का उत्पादन बुरी तरह से प्रभावित होगा। किसान पहले ही कर्ज के बोझ तले दबा हुआ है। खाद व दवा का प्रबंध तक बमुश्किल किया गया। अब बरसात ने सभी सपने चकनाचूर कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रभावित किसानों को समय रहते मदद दी जानी चाहिए। जो फसलें तबाह हो रही हैं। उनकी जगह अगली किसी भी फसल की बुआई इस समय संभव नहीं है। ठेके पर जमीन लेकर काश्त करने वालों की हालत पतली हो चली है। बरसात से खेत खलिहान ही नहीं किसान के परिवार का ताना बाना तक बिगड़ चुका है। उन्होंने कहा कि दुकानदार पहले ही कोरोना के चलते कारोबार ठप किए हुए हैं। अब रही सही कसर बरसात पूरी कर रही है। ऐसे में सरकार को मजदूर, दुकानदार और फड़ी वालों की भी गौर करनी चाहिए। चौटाला ने पूर्व चेयरमैन सुरेश कंसल के निधन को बड़ी क्षति करार दिया। उन्होंने कंसल के पुत्र अंकुर कंसल और आयुष कंसल को सांत्वना दी। इस मौके पर विनोद कंसल टोनी, राहुल कंसल, बिट्टू कंसल, सुरेश गुर्जर, पंजाब सिंह, बूटा सिंह लुखी, मनजीत चौधरी, इंद्र सिंह, राजेश शर्मा मौजूद रहे।