मंडी में दुकान के बाहर सो रहे प्रवासी मजदूर को वाहन ने कुचला
कुरुक्षेत्र। नई अनाज मंडी थानेसर में धान के सीजन में मजदूरी के लिए आए प्रवासी मजदूर को रात को सोते समय अज्ञात वाहन ने कुचल दिया।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : नई अनाज मंडी थानेसर में धान के सीजन में मजदूरी के लिए आए प्रवासी मजदूर को रात को सोते समय अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजनों को सौंप दिया। बाहरी मजदूर का कुरुक्षेत्र में ही उसके छोटे भाई ने अंतिम संस्कार किया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
बिहार के जिला सुपौल के राधे नगर निवासी शंभू शाह अन्य बाहरी मजदूरों के साथ रविवार को थानेसर नई अनाज मंडी में धान के सीजन में मजदूरी करने के लिए आया था। रात के समय शंभू का छोटा भाई सुरेश कुमार आढ़त की दुकान की छत पर सो गया, जबकि शंभू दुकान नंबर 135बी के सामने सो रहा था। बताया जा रहा है कि रात के समय किसी अज्ञात वाहन ने शंभू शाह को कुचल दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सुबह साढ़े पांच बजे शंभू की मौत के बारे में उसके छोटे भाई सुरेश कुमार व अन्य बाहरी मजदूरों को जानकारी मिली। इसकी सूचना आढ़ती भीम सिंह को दी गई। आढ़ती भीम सिंह ने इस बारे में कृष्णा गेट थाना पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल से सबूत जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गेहूं व धान के सीजन में आते हैं शंभू व सुरेश कुमार
आढ़ती भीम सिंह ने बताया कि पिछले आठ साल से शंभू व उसका भाई सुरेश कुमार उनकी दुकान पर गेहूं व धान के सीजन में मजदूरी करने के लिए आते हैं। इस बार भी शंभू रविवार को दोपहर दो बजे आया था। पुलिस आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपित वाहन चालक का सुराग लग सके।