लूट के प्रयास में सुनार को गोली मारने के दो आरोपित गिरफ्तार
पुलिस की अपराध शाखा एक ने लूट के प्रयास में सुनार को गोली मारने के मामले में दो और आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपितों को अदालत में पेश किया। अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : पुलिस की अपराध शाखा एक ने लूट के प्रयास में सुनार को गोली मारने के मामले में दो और आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपितों को अदालत में पेश किया। अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
एसपी आस्था मोदी ने बताया कि पुलिस की अपराध शाखा एक प्रभारी गुरविद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अमीन रोड स्थित सुनार को गोली मारने के मामले में पिहोवा निवासी राहुल उर्फ मेंटल को गिरफ्तार किया था। आरोपित ने स्वीकार किया था कि उसने पिहोवा की नंद कॉलोनी निवासी बलदेव उर्फ देबा व संतोखपुरा निवासी सुखदेव के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने सूचना के आधार पर बलदेव को गिरफ्तार किया। उसने स्वीकार किया कि उसने 10 फरवरी को अपने साथी सुखदेव के साथ मिलकर मोटरसाइकिल चोरी की थी। 13 फरवरी 2020 को उन्होंने अपने साथी राहुल कुमार उर्फ मेंटल व सुखदेव सिंह के साथ मिलकर अमीन रोड पर एक सुनार की दुकान को लूटने का प्रयास किया। मगर दुकानदार ने शोर मचा दिया। राहुल ने देसी कट्टे से सुनार को गोली मारी दी थी। वहां से तीनों मोटरसाइकिल पर सवार होकर फरार हो गए थे। चोरी की मोटरसाइकिल पर वे फर्जी नंबर लगा कर चला रहे थे। शांति नगर से काबू किया तीसरा आरोपित
पुलिस टीम ने तीसरे आरोपित सुखदेव सिंह को शांति नगर से मोटरसाइकिल सहित काबू किया। वह चोरी की मोटरसाइकिल पर घूम रहा था। पुलिस ने आरोपित से मोटरसाइकिल बरामद की। गहन पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथ बलदेव व सेक्टर पांच निवासी तरसेम के साथ मिल कर सेक्टर-पांच में एक व्यक्ति से एक मोबाइल व एक महिला से पर्स छीना था।