सागर अपहरण व मौत मामले में दो ओर आरोपित गिरफ्तार
लाडवा थाना पुलिस ने सागर अपहरण व मौत मामले में दो ओर आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
संवाद सहयोगी, लाडवा : लाडवा थाना पुलिस ने सागर अपहरण व मौत मामले में दो ओर आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि उन्होंने सागर का अपहरण किया था, लेकिन सागर उनसे अपनी जान बचाने के लिए अस्पताल की छत पर चढ़ गया। वह यह समझ नहीं पाया कि वह किस प्रकार से बचे और वह अस्पताल की छत से नीचे गिर गया। जिससे उसकी मौत हो गई। मामले में एक आरोपित गांव छपरा निवासी अशोक कुमार का इलाज चल रहा था, जिसको अस्पताल से गिरफ्तार किया, जबकि दूसरे आरोपित यमुनानगर के गांव तियानो निवासी भोपाल उर्फ पाली को उसके गांव से गिरफ्तार किया। दोनों को अदालत में पेश किया। अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
डीएसपी भारत भूषण ने बताया कि सात अक्टूबर को यमुनानगर के गांव घिलौर निवासी जरनैल सिंह ने थाना बाबैन में शिकायत दर्ज कराई कि अशोक कुमार, राकेश मास्टर, हैप्पी व छह अन्य युवक उसके बेटे सागर का अपहरण कर ले गए थे। आरोपितों ने सागर की हत्या कर दी। बाबैन थाना पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ अपहरण कर हत्या करने तथा जाति सूचक शब्द कहने का मामला दर्ज किया था। इस मामले में पुलिस ने हैप्पी को पहले गिरफ्तार कर लिया था, जबकि अन्य आरोपित फरार थे। पुलिस को सूचना मिली कि मामले में आरोपित अशोक कुमार अस्पताल में उपचाराधीन है। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार किया। वहीं आरोपित भोपाल उर्फ पाली को उसके गांव से गिरफ्तार किया।