हत्या के मामले में सजा के बाद बेल से फरार एक लाख के इनामी बदमाश प्रोडक्शन वारंट पर लाई पुलिस
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में एक छात्र नेता की हत्या के मामले में उम्र कैद की सजा पाने के बाद बेल से फरार हुए दोषी को कुरुक्षेत्र पुलिस शनिवार को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पहुंची।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र :
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में एक छात्र नेता की हत्या के मामले में उम्र कैद की सजा पाने के बाद बेल से फरार हुए दोषी को कुरुक्षेत्र पुलिस शनिवार को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई। भगोड़ा प्रकोष्ठ ने आरोपित को अदालत में पेश किया। जहां से उसको जेल भेज दिया गया है। आरोपित कैथल के गांव खेड़ी शेरखां निवासी अजय पर हत्या, हत्या का प्रयास, अपहरण, असलाह अधिनियम, बेल जंप और जेल अधिनियम के तहत एक दर्जन मामले दर्ज हैं। इनमें से कुरुक्षेत्र में चार, अंबाला में दो जींद में चार तथा कैथल में एक मामला दर्ज है।
पुलिस प्रवक्ता रोशन लाल ने बताया कि अजय ने अपने साथियों के साथ मिलकर 17 अक्टूबर 2011 को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की मार्केट में छात्र नेता वीरेंद्र काकड़ौद की गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। इसी मामले पर सुनवाई करते हुए अदालत ने 20 जनवरी 2015 को सभी आरोपितों को दोषी करार देते हुए उम्र कैद की सजा सुनाई थी। इसके बाद अजय ने जिला कैथल ने 30 नवंबर 2016 को अदालत से एक माह की अंतरिम जमानत बैल बांड भरकर ली थी। जमानत मिलने के बाद वह दोबारा जेल नहीं गया। इस पर थाना राजौंद में जेल अधिनियम के तहत मामला दर्ज है। अपराधी अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए पंजाब में छिपकर रह रहा था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी और वह दो बार पुलिस को चकमा देने में कामयाब रहा था। कैथल पुलिस ने आरोपित को 25 जून को जालंधर से गिरफ्तार किया था। वह पुलिस को देखकर गाड़ी में भागने की फिराक में था, पुलिस ने गाड़ी के टायर में गोली मारकर उसको उसके एक साथी कर्मजीत सहित काबू किया था। अजय की गिरफ्तारी के लिए कुरुक्षेत्र पुलिस की भगौड़ा अपराधी पकड़ो प्रकोष्ठ के हवलदार महेंद्र सिंह ने अदालत से प्रोडक्शन वारंट जारी करवाए थे। इस पर उप निरीक्षक सुभाष चंद, एएसआई सुनील कुमार की टीम ने शनिवार को उसे अदालत में पेश किया, जहां से अदालत के आदेश पर जिला जेल भेज दिया गया है।