जीरी की कटाई करने वाले ही निकले जीरी चोरी के आरोपित
जिन लोगों को जीरी की कटाई करने का काम सौंपा उन्होंने ही जीरी से भरी ट्राली को चुरा लिया। जांच के दौरान आखिर पुलिस उन तक पहुंच ही गई।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : थाना केयूके के अंतर्गत गांव बारना से जीरी चोरी के आरोपित कटाई करने वाले ही निकले। पुलिस की अपराध शाखा दो ने आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों को अदालत में पेश किया। अदालत ने एक आरोपित को जमानत पर रिहा कर दिया है, जबकि दूसरे को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। एसपी आस्था मोदी ने बताया कि 25 अक्टूबर को गांव बारना निवासी शशि भूषण ने थाना केयूके में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसने अपने खेत में खड़ी बासमती जीरी की कटाई के लिए दर्शन कुमार व संदीप कुमार को कहा था। उन्होंने कटाई कर ट्रैक्टर-ट्राली में 100 क्विटल जीरी भर कर उसके घर पर बेचने के लिए खड़ी कर दी थी। इसके बाद जीरी से भरी हुई ट्राली को कोई चोरी कर ले गया।
पुलिस में मामला दर्ज करके जांच अपराध शाखा-दो के मुख्य सिपाही लखन को सौंपी गई। पुलिस टीम ने गांव पिडारसी से शक के आधार पर दो व्यक्तियों को काबू किया। आरोपितों ने अपना नाम दर्शन कुमार व संदीप बताया। पूछताछ के दौरान आरोपित ने स्वीकार किया कि उन्होंने दर्शन कुमार के खेतों में जीरी काटी थी। इसके बाद जीरी को ट्राली में भर कर उसके घर पर खड़ी कर दिया था। उसके बाद उन्होंने रात्रि के समय जीरी से भरी हुई ट्रैक्टर-ट्राली को चोरी किया था। इसे बेचने वे अनाज मंडी कैथल ले गए थे, लेकिन उनका अनाज मंडी कैथल के आढ़ती के साथ जीरी बेचने का लेन-देन नहीं बना। उन्होंने जीरी से भरी हुई ट्राली को अनाज मंडी कैथल में खाली की। ट्रैक्टर ट्रैली को गांव गराड़सी के पास खेतों में खड़ा कर दिया था। पुलिस ने आरोपितों की शिनाख्त पर गांव घराड़सी से ट्रैक्टर-ट्राली और अनाज मंडी से 75 क्विटल जीरी बरामद की। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपित संदीप कुमार को जमानत पर रिहा कर दिया है, जबकि दूसरे आरोपित दर्शन कुमार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।