जमा देने वाले आंकड़े की ओर बढ़ रहा तापमान
पारा लगातार जमा देने वाले आंकड़े की तरफ बढ़ता जा रहा है। रविवार को न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस से भी कम होकर 3.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र :
पारा लगातार जमा देने वाले आंकड़े की तरफ बढ़ता जा रहा है। रविवार को न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस से भी कम होकर 3.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। दोपहर को सूर्यदेव के दर्शनों के बाद भी लोगों को ठंड से राहत नहीं मिली। बर्फीली हवाओं के सामने धूप बेअसर रही। अधिकतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार और ठंड का असर बाजार पर भी दिखाई दिया। ठंड के मारे सड़कें सुनसान रही और बाजार में इक्का-दुक्का ही दुकानें खुलीं।
शनिवार को धूप निकलने के बाद घना कोहरा छा गया, जो सुबह तक छाया रहा। ठंड का असर सड़कों पर भी दिखाई दिया। मौसम विभाग के मुताबिक ठिठुरन अभी ऐसे ही रहेगी। 30 दिसंबर को कोहरा और सायं को आंशिक रूप से बादल छाए रहे। 31 दिसंबर को आमतौर पर आकाश में बादल छाए रहेंगे, एक जनवरी को गरज के साथ बूंदाबांदी होगी, दो जनवरी को आम तौर पर बारिश, तीन जनवरी को बादल और चार को भी बादल छाने की संभावना है। इससे एक बार न्यूनतम और अधिकतम तापमान में महज एक या तो दो डिग्री सेल्सियस का अंतर रह जाएगा।