आइपीएस विवाद मामले में अनुसूचित आयोग संज्ञान ले: सूरजभान
कुरुक्षेत्र हरियाणा पुलिस के महानिदेशक मनोज यादव और आइपीएस अधिकारी वाइ पूर्ण कुमार के बीच विवाद पर भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के सदस्य सूरजभान कटारिया ने राष्ट्रीय अनुसूचित आयोग के अध्यक्ष विजय शामपला को पत्र लिखा है।
जासं, कुरुक्षेत्र : हरियाणा पुलिस के महानिदेशक मनोज यादव और आइपीएस अधिकारी वाइ पूर्ण कुमार के बीच विवाद पर भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के सदस्य सूरजभान कटारिया ने राष्ट्रीय अनुसूचित आयोग के अध्यक्ष विजय शामपला को पत्र लिखा है। उन्होंने इस मामले का संज्ञान लेने का अनुरोध किया है। उन्होंने बताया कि मनोज यादव के साथ वाइ पूर्ण कुमार का विवाद अब समाचारों में सुर्खियों में बना हुआ हुआ है। कटारिया ने कहा है कि इस मामले में आवश्यक कार्रवाई जरूर होनी चाहिए।
सरकार कर रही झूठे दावे : कंसल
संवाद सहयोगी, इस्माईलाबाद : हरियाणा लोक सेवा आयोग के पूर्व सदस्य सुरेश कंसल ने कहा कि सरकार हर रोज दावे करती नहीं थक रही है, जबकि धरातल पर कुछ भी नहीं है। उन्होंने कहा कि पहले सरकार ने कहा कि था फैमिली आइडी बनाने पर ही संबंधित परिवार 250 से अधिक योजनाओं से जुड़ जाएगा। अब मुख्यमंत्री परिवार समृद्धि योजना के नाम पर सीएससी सेंटरों पर धक्के खिलाए जा रहे हैं। कंसल ने कहा कि इसी योजना के फार्म बीते साल भी भरवाए गए थे। बीपीएल के आवेदन के नाम पर हर परिवार की जेब ढीली करने में कोई कोर कसर बाकी नहीं रखी गई। महामारी में गांवों में वालंटियर, घर घर चेकअप, गांवों में आइसोलोशन वार्ड और ठीकरी पहरे सब दावे खोखले साबित हो रहे हैं। ऐसे अनेक दावे धरातल पर आकर धराशायी हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि जनता को बरगलाने का समय अब जा चुका है। सत्ता सुख भोगने वाले मोबाइल युग में भी झूठ का सहारा लेने पर तुले हुए हैं। इसका जनता सही समय पर माकूल जवाब देगी।