कठिन परिश्रम और सच्ची लग्न से ही सफलता हासिल होती है : आस्था मोदी
एसपी आस्था मोदी ने कहा कि कठिन परिश्रम और सच्ची लगन से ही सफलता हासिल होती है। महाराजा अग्रसेन शिक्षा सम्मान योजना कठिन परिश्रम करने वाले बच्चों को मदद दे कर पुण्य का कार्य कर रही है।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : एसपी आस्था मोदी ने कहा कि कठिन परिश्रम और सच्ची लगन से ही सफलता हासिल होती है। महाराजा अग्रसेन शिक्षा सम्मान योजना कठिन परिश्रम करने वाले बच्चों को मदद दे कर पुण्य का कार्य कर रही है। इनके प्रयास समाज निर्माण में कबीले तारीफ है और यह प्रतिभाशाली बच्चों के मजबूत भविष्य निर्माण में बहुत अच्छा प्रयास कर रहे हैं। इनके यह प्रयास नियमित तौर पर जारी रहने चाहिए। यह बच्चे वास्तव में समाज का भविष्य हैं। समाज के वे लोग भाग्यशाली हैं जो दूसरों का सहयोग करते हैं।
एसपी आस्था मोदी अग्रवाल धर्मशाला रेलवे रोड में महाराजा अग्रसेन शिक्षा सम्मान योजना के 21वें छात्रवृत्ति वितरण समारोह में बतौर मुख्यातिथि बोल रही थी। कार्यक्रम में जयराम संस्थाओं के अध्यक्ष ब्रह्मस्वरुप ब्रह्मचारी ने कहा कि आज के समाज में शिक्षा का विशेष महत्व है। समाज में शिक्षा ही किसी मनुष्य के जीवन निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करती है। विपिन जिदल ने कहा कि इस योजना के माध्यम शिक्षा ग्रहण करके सैकड़ों युवा आज देश में ही नहीं अंतरराष्ट्रीय पदों पर सम्मानजनक तरीके से विराजमान है। शिक्षाविद् शशि मित्तल ने कहा कि इस योजना के अंतर्गत नव समाज के निर्माण का पुनीत कार्य धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में किया जा रहा है। इस मौके पर 198 विद्यार्थियों को छात्रवृत्तियां वितरित की गई। योजना के प्रमुख व्यवस्थापक राजेश सिगला ने संस्था की ओर से चलाई जा रही गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी। संस्था के अध्यक्ष बलबीर गुप्ता ने कहा कि अग्रवाल समाज ने हमेशा शिक्षा, चिकित्सा, संस्कृति, विज्ञान और राजनीति में जनहित की भावना को लेकर प्रोत्साहन दिया है। मंच संचालन डॉ. मोहित गुप्ता ने किया।