प्रगतिवादी सकरात्मक सोच के साथ बढ़े विद्यार्थी आगे : प्रो. मंजूला चौधरी
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. मंजूला चौधरी ने कहा कि विद्यार्थियों को प्रगतिवादी व सकारात्मक सोच रखते हुए जीवन में आने वाली चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार रहना चाहिए।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. मंजूला चौधरी ने कहा कि विद्यार्थियों को प्रगतिवादी व सकारात्मक सोच रखते हुए जीवन में आने वाली चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार रहना चाहिए। सफलता के लिए कड़ी मेहनत जरूरी है। मेहनत के बिना सफलता प्राप्त ही नहीं की सकती। डॉ. मंजूला मंगलवार को आरके सदन में आयोजित वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह में बतौर मुख्यातिथि बोल रही थी। कार्यक्रम के शुभारम्भ अवसर पर संस्थान की प्राचार्या डॉ. तरुणा चौधरी ने मुख्यातिथि का स्वागत किया।
समारोह में मुख्यातिथि द्वारा अकादमिक स्तर व सहपाठ्यगामी क्रियाओं में अव्वल रहे विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही गतवर्ष में बीएड सत्र के दौरान विश्वविद्यालय स्तर पर प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया। संस्थान की प्राचार्या डॉ. तरुणा चौधरी ने संस्थान की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में सहयोगात्मक स्पर्धा की भावना और अधिक सशक्त करना है। कार्यक्रम के अंत में डॉ. अमीषा सिंह द्वारा धन्यवाद प्रस्ताव ज्ञापित किया गया।