हड़ताल पर डटे रहे आढ़ती, दूसरे दिन भी खरीद रही बंद
कुरुक्षेत्र। अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन के आह्वान पर शनिवार को भी जिलेभर के आढ़ती हड़ताल पर रहे।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन के आह्वान पर शनिवार को भी जिलेभर के आढ़ती हड़ताल पर रहे। जिसके चलते 1509 धान किस्म की खरीद नहीं हो सकी।
थानेसर की नई अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान दयाल चंद ने कहा कि अपनी समस्याओं को लेकर आढ़ती कई बार सरकार को अवगत करवा चुके हैं, लेकिन आढ़तियों की अनदेखी की जा रही है। इससे आढ़तियों में रोष है। सरकार भुगतान में आढ़ती से एक दिन की भी देरी होने पर ब्याज काटा जा रहा है। दूसरी ओर आढ़त छह-छह माह बाद दी जा रही है। इसका आढ़ती को कोई ब्याज नहीं दिया जा रहा। उन्होंने कहा कि अब यह अनदेखी सहन नहीं की जाएगी। अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन के जिला सचिव हरविद्र बंसल ने कहा कि हड़ताल के चलते जिला भर की अनाज मंडियों में दो दिन से एक भी दाने की खरीद नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि आढ़तियों ने इस हड़ताल को लेकर पहले ही सरकार को अल्टीमेटम दे दिया था। इसके बावजूद सरकार ने आढ़तियों से कोई बातचीत नहीं की। इस अनदेखी से आढ़तियों में रोष है। इस मौके पर पंकज सहगल, प्रवेश सिगला, बनी सिंह ढुल, जगतार काजल, राजकुमार, रमेश मिर्जापुर, बलविद्र मौजूद रहे।