पिहोवा में कांग्रेस के प्रदेश महासचिव ने दिया पद से इस्तीफा
प्रदेश कांग्रेस महासचिव व पानीपत जिला प्रभारी सतविद्र सिंह संधू टिम्मी ने पिहोवा विधानसभा सीट से टिकट नहीं मिलने पर पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने टिकट वितरण में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर अनदेखी का आरोप लगाया है।
संवाद सहयोगी, पिहोवा: प्रदेश कांग्रेस महासचिव व पानीपत जिला प्रभारी सतविद्र सिंह संधू टिम्मी ने पिहोवा विधानसभा सीट से टिकट नहीं मिलने पर पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने टिकट वितरण में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर अनदेखी का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि वे कांग्रेस के सच्चे कार्यकर्ता हैं और पार्टी से जुड़े रहेंगे और कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि पिहोवा में कांग्रेस का उम्मीदवार काफी कमजोर और अयोग्य है। इसलिए वे और उनकी टीम ऐसे उम्मीदवार का साथ नहीं देगी। वे अन्य हलकों में पार्टी को मजबूत करने में सहयोग करेंगे। सतविद्र टिम्मी ने पूर्व मंत्री पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने पैसे का लेनदेन करके अपने लड़के को टिकट दिलाया। जिसका पिहोवा के विकास से और जनता के हितों से कोई लेना देना नहीं है। ना ही वह इस हलके के विकास की सोच रखता है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री और यहां के पूर्व मंत्री ने रैली करके सोनिया गांधी और कांग्रेस की खिलाफत कर पार्टी को निरंतर कमजोर करने का काम किया। टिकट वितरण में धांधली करके निष्ठावान मेहनती कार्यकर्ताओं की अनदेखी करते हुए पुराने हारे हुए नकारा चेहरों को टिकट दिया गया।