प्रदेश सरकार गलत नीतियों को लागू करने में लगी : निर्मल सिंह
संवाद सहयोगी इस्माईलाबाद हरियाणा डेमोक्रिट्रक फ्रंट के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री चौधरी निर्मल सिंह ने कहा कि किसान और व्यापारी अब नहीं जागे तो आने वाले समय में विकट परिस्थितियों का सामना करना होगा। प्रदेश सरकार लगातार गलत नीतियों को लागू करने में लगी हुई है
संवाद सहयोगी, इस्माईलाबाद : हरियाणा डेमोक्रिट्रक फ्रंट के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री चौधरी निर्मल सिंह ने कहा कि किसान और व्यापारी अब नहीं जागे तो आने वाले समय में विकट परिस्थितियों का सामना करना होगा। प्रदेश सरकार लगातार गलत नीतियों को लागू करने में लगी हुई है। आने वाले धान के सीजन में ही असली तस्वीर सामने आ जाएगी। वे यहां राजा गार्डन में राजपाल दानीपुर के प्रतिष्ठान पर कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।
निर्मल सिंह ने कहा कि जनता के साथ जितने चुनावी वायदे किए जाते हैं कोई दल उन पर पूरा नहीं उतरता है। इसका प्रमाण भाजपा के चुनावी वायदे हैं। उन्होंने स्वामीनाथन आयोग, दो करोड़ रोजगार और खाते में पंद्रह लाख के वायदे दोहराते कहा कि जनता को बहका कर राज हड़पने के हथकंडे अपनाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि पेंशन या मासिक अनुदान के नाम पर चंद रूपये देकर वोट हथियाने की नई नई परंपराएं चला दी गई हैं। सरकारी सेक्टरों को प्राइवेट में बदला जा रहा है। सभी महकमों में ठेकेदारी प्रथा पांव पसार चुकी है। बेरोजगारी और महंगाई चरम पर है। ऐसे में जनता को जागरूक होना होगा। यदि नहीं जागे तो आने वाले समय में यह समस्याएं नासूर बन जाएंगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देते कहा कि घर घर जागरूकता की अलख जगाएं। इस मौके पर राजपाल राजा, जोगपाल शर्मा, नरंजन नैन, सुरेश सैनी, सतीश कुमार, मुकेश पपनेजा, ज्ञान सिंह आदि मौजूद रहे। निर्मल सिंह का राजपाल राजा के निवास पर परिवार की ओर से भी स्वागत किया गया। निर्मल सिंह ने यहां कहा कि वे पूरे प्रदेश का दौरा करेंगे और लोगों को जागृत करेंगे कि वे अपने सुख दुख के साथी को वोट के बल पर आगे लाएं। ताकि जनता राज कायम हो।