शक्तिभोग कंपनी का मालिक और बेटे को धोखाधड़ी के मामले में तीन दिन के रिमांड पर लिया
लाडवा थाना पुलिस ने आढ़तियों से धान खरीद कर पेमेंट न करने के मामले में आरोपित शक्ति भोग कंपनी के मालिक केवल कृष्ण व उसके बेटे सिद्धार्थ को करनाल जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लिया है।
संवाद सहयोगी, लाडवा : लाडवा थाना पुलिस ने आढ़तियों से धान खरीद कर पेमेंट न करने के मामले में आरोपित शक्ति भोग कंपनी के मालिक केवल कृष्ण व उसके बेटे सिद्धार्थ को करनाल जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लिया है। आरोपित को अदालत में पेश किया। अदालत ने उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। आरोपितों के खिलाफ लाडवा अनाज मंडी के आढ़तियों के साथ 3.35 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला दर्ज था। पुलिस आरोपितों से पूछताछ में जुटी है। पुलिस के मुताबिक लाडवा अनाज मंडी के आढ़ती राजकुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्ष 2014-15 में शक्ति भोग कंपनी समाना बाहु करनाल के मालिक केवल कृष्ण और उसके बेटे सिद्धार्थ व दिव्यार्थ ने अपनी फर्म के अन्य पदाधिकारियों के साथ लाडवा अनाज मंडी में आकर आढ़तियों से धान खरीदने के बारे में बातचीत की थी। लाडवा अनाज मंडी की दुकान नंबर 28 के आढ़ती राजकुमार के माध्यम से आढ़तियों ने लगभग 27-28 हजार क्विंटल धान खरीद की थी। जिसकी बकाया रकम 3.35 करोड़ रुपये आरोपितों ने नहीं दी। राजकुमार आढ़ती ने शक्तिभोग कंपनी समाना बाहु के खिलाफ अदालत में याचिका दायर की थी। याचिका पर सुनवाई कर अदालत ने लाडवा थाना पुलिस को केस दर्ज करने के आदेश दिए थे। अदालत के आदेश पर लाडवा थाना पुलिस ने 14 फरवरी 2019 को धोखाधड़ी, साजिश रचने व धमकी देने का केस दर्ज किया था।
शक्ति भोग कंपनी के खिलाफ सिरसा, कैथल, करनाल में भी धोखाधड़ी से रकम हड़पने के केस दर्ज हैं। शक्तिभोग के मालिक केवल कृष्ण व उसके बेटे सिद्धार्थ को करनाल सीआइए ने चार अक्टूबर को गिरफ्तार किया था। लाडवा थाना पुलिस ने आरोपितों को प्रोडक्शन वारंट जारी करवा कर गिरफ्तार किया। आरोपितों को अदालत में पेश किया। अदालत ने उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस आरोपितों से पूछताछ में जुटी है।
राजपाल, प्रभारी, थाना लाडवा पुलिस।