पुलिस को देखकर गांजा पत्ती फेंककर महिला फरार, केस दर्ज
पुलिस की अपराध अन्वेषण शाखा दो की टीम ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर गश्त के दौरान आठ किलोग्राम गांजापत्ती बरामद की है। आरोपित महिला मौका पाकर गांजा पत्ती फेंक कर फरार हो गई। पुलिस तंग गलियों में गाड़ी न जाने के चलते महिला का पीछा नहीं कर पाई।
- आठ किलो गांजापत्ती बरामद, आरोपित की तलाश में जुटी पुलिस
-कंधे पर कट्टा फेंककर शोरगिर बस्ती की तरफ भागी जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : पुलिस की अपराध अन्वेषण शाखा दो की टीम ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर गश्त के दौरान आठ किलोग्राम गांजापत्ती बरामद की है। आरोपित महिला मौका पाकर गांजा पत्ती फेंक कर फरार हो गई। पुलिस तंग गलियों में गाड़ी न जाने के चलते महिला का पीछा नहीं कर पाई। पुलिस ने महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
अपराध अन्वेषण शाखा-दो के उपनिरीक्षक बलवंत सिंह, मुख्य सिपाही सतीश कुमार, बलदेव सिंह, संजीव कुमार, महिला सिपाही रिकी व ड्राइवर संदीप कुमार 24 जनवरी की रात को श्रद्धानंद चौक से अमीन रोड की तरफ जा रहे थे। स्वामी श्रद्धानंद चौक से थोड़ी दूरी पर ही पुलिस को सामने से सड़क पर एक महिला आती हुई दिखाई थी। महिला के कंधे पर एक कट्टा रखा था। महिला कट्टे को सड़क पर फेंक शोरगीर बस्ती की गली की तरफ भाग गई। पुलिस ने गाड़ी से पीछा करना चाहा तो गली तंग होने के कारण कामयाब नहीं हो सकी। पुलिस गाड़ी की लाइट में चेहरा दिखने पर महिला की पहचान शोरगीर बस्ती निवासी रजनी के रूप में की है।
तलाश में जुटी पुलिस
महिला के फरार होने के बाद पुलिस ने सड़क से कट्टे को उठाया तो उसमें आठ किलोग्राम गांजा पत्ती निकली। इसके बाद पुलिस ने शोरगीर बस्ती में कई जगह आरोपित महिला की तलाश की, लेकिन आरोपित महिला पुलिस को चकमा देकर फरार होने में कामयाब रही है। पुलिस ने महिला के खिलाफ थाना कृष्णा गेट में मामला दर्ज कराया है। मामले की जांच उप निरीक्षक बलवंत सिंह को सौंपी है।