राष्ट्रीय राजमार्ग से कार छीनने का दूसरा आरोपित गिरफ्तार
राष्ट्रीय राजमार्ग पर पिस्तौल के बल पर कार छीनने के आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित को अदालत में पेश किया। अदालत ने उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस आरोपित से पूछताछ में जुटी है।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : राष्ट्रीय राजमार्ग पर पिस्तौल के बल पर कार छीनने के आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित को अदालत में पेश किया। अदालत ने उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस आरोपित से पूछताछ में जुटी है।
एसपी आस्था मोदी ने बताया कि 11 सितंबर 2019 को लुधियाना के जसोवाल निवासी आदेश पाल सिंह ने थाना शाहाबाद में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह और अजमेर सिंह, कमलदीप सिंह उसकी वर्ना गाड़ी में सवार हो कर किसी काम से लुधियाना से दिल्ली जा रहे थे। उनके पीछे दूसरी गाड़ी में उसका दोस्त सुखदेव सिंह अपने एक साथी के साथ आ रहा था। उसने गाड़ी का प्रदूषण प्रमाण पत्र बनवाना था। दोनों गाड़ियां शाहाबाद से थोड़ा पहले अमन होटल पर पहुंचे तो उसके साथी ने अपनी गाड़ी अमन होटल के सामने लगा दी। उसने अपनी गाड़ी अमन होटल के साथ लगते अमन पेट्रोल पंप पर बने प्रदूषण केंद्र पर लगा दी। उस समय वह और कमलदीप सिंह गाड़ी में बैठे थे। उसी समय चार नौजवान युवक जीटी रोड की तरफ से उनकी गाडी की तरफ आए। उनमें से एक लड़का उसकी गाड़ी के पास आया और पिस्तौल दिखा कर उसकी गाड़ी की चाबी छीन ली। दूसरे लड़के ने उसके साथ बैठे कमलदीप सिंह की कनपटी पर रिवाल्वर रख दिया और उसका मोबाइल फोन छीन लिया। आरोपित सर्विस रोड से होते हुए अंबाला की तरफ चले गए। गाड़ी में उसका मोबाइल फोन व पर्स था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच आरंभ की। पुलिस टीम को सूचना मिली की कार छीनने का दूसरा आरोपित चंडीगढ़ जेल मे बंद है। पुलिस की अपराध शाखा-दो के उपनिरीक्षक शरणजीत सिंह, मुख्य सिपाही परवेश कुमार, सतविद्र सिंह ने आरोपित को राहदारी वारंट पर लेकर अदालत में पेश किया। अदालत ने उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।