विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कुरुक्षेत्र में स्कार्पियो की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत

Published: Tue, 13 Oct 2026 08:06 AM (IST)

पिहोवा के कराह साहब के पास स्कार्पियो और बुलेट बाइक की टक्कर में एक युवक दुर्गेश की मौत हो गई, जबकि उसका साथी सुनील कुमार घायल है।

बाइक सवार युवक की मौत। सांकेतिक फोटो

बाइक सवार युवक की मौत। सांकेतिक फोटो

HighLights

  1. पिहोवा में स्कार्पियो और बुलेट बाइक की टक्कर।

  2. दुर्घटना में दुर्गेश की मौत, सुनील कुमार घायल।

  3. अज्ञात स्कार्पियो चालक के खिलाफ केस दर्ज।

संवाद सहयोगी, पिहोवा। कराह साहब के पास स्कार्पियो और बुलेट बाइक की टक्कर में दो युवक घायल हो गए। अस्पताल ले जाते समय 35 वर्षीय दुर्गेश की मौत हो गई, जबकि उसका साथी सुनील कुमार घायल है। हादसे के बाद लोगों को जुटते देख स्कार्पियो चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। मृतक दुर्गेश उत्तर प्रदेश के औरया जिले का निवासी था।

घायल सुनील कुमार कैथल जिले के गुहला कस्बे के गांव दशेरपुर का रहने वाला है। दोनों दिल्ली की एक निजी कंपनी में काम करते थे। सुनील ने पुलिस को बताया कि वे अपने दोस्त के साथ चीका के गांव दुरसपुर जा रहे थे। बाइक दुर्गेश चला रहा था और सुनील पीछे बैठा था।

कराह साहब के पास काले रंग की स्कार्पियो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दुर्गेश काफी दूर तक घसीटता चला गया। दोनों को पहले पिहोवा के निजी अस्पताल और फिर कुरुक्षेत्र के निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां से दुर्गेश को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया, लेकिन उसने रास्ते में दम तोड़ दिया।

जांच अधिकारी मुकेश ने बताया कि सदर थाना पिहोवा में सुनील के बयान पर अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं और उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।