राखी पर रोडवेज ने कसी कसर, स्टैंडबाय पर रहेंगी 20 बसें
रक्षाबंधन त्योहार पर भाई की कलाई पर राखी बांधने जाने में बहनों को दिक्कत न हो इसके लिए रोडवेज ने कमर कस ली है।
अनुज शर्मा, कुरुक्षेत्र : रोडवेज रक्षाबंधन पर बहनों के लिए हर रूट पर बस चलाने के लिए तैयार हो गया है। नई व्यवस्था के अनुसार रविवार को बस रूटों पर उतारी जाएंगी और मंगलवार तक चलेंगी। बसों में शारीरिक दूरियों की पालना के लिए पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। हालांकि इस बार बहनें रक्षाबंधन पर निशुल्क यात्रा नहीं कर सकेंगी। उनको एक स्थान से दूसरे स्थान पर जाने के लिए टिकट लेना पड़ेगा।
रोडवेज डिपो और सब डिपो पिहोवा से बसें चलाई जाएंगी। डिपो से प्रतिदिन चलने वाली 50 बसों के अलावा 20 बसों को स्टैंडबाय पर रखा है। यात्रियों की मांग पर संबंधित रूट पर बसों को रवाना कर दिया जाएगा। अधिकारियों ने जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बसों को चलाने के निर्देश जारी कर दिए हैं।
एक बस में 30 यात्री ही कर सकेंगे सफर
रोडवेज की 52 सीट वाली बड़ी बस में 30 यात्री ही सफर कर सकेंगे। इसके लिए परिवहन विभाग की ओर से प्रदेश के प्रत्येक डिपो पर नोटिफिकेशन पहले ही आ चुकी है। विशेष रूप से रक्षाबंधन पर चलने वाली अतिरिक्त बसों में 30 से अधिक यात्री नहीं बैठेंगे। इसके लिए बस परिचालक को विशेष रूप से निर्देंश जारी किए गए है।
डिपो से बस में बैठने वाले यात्री का होगा तापमान चैक
कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए डिपो से बस में बैठने से पहले प्रत्येक यात्री का तापमान मापा जाएगा। तापमान उचित मात्रा में मिलने के बाद ही यात्री बस में सफर कर पाएंगे।
वर्जन :
रक्षाबंधन में अबकी बार बहनों के लिए फ्री बस सेवा नहीं मिल पाएगी। इन सबके बीच अतिरिक्त बसों को चलाने का निर्णय लिया गया है। हर क्षेत्र में बसों की सेवाएं दी जाएगी। इसके अलावा अन्य जिलों के रूटों पर भी बसें चलाई जाएंगी।
अश्वनी डोगरा, महाप्रबंधक, कुरुक्षेत्र।