लॉकडाउन और अनलॉक में धड़ल्ले से हुई रजिस्ट्री, घोटाले की उठने लगी बू
लॉकडाउन में तहसीलों में धड़ल्ले से संपत्तियों की रजिस्ट्री की गई। अकेले थानेसर तहसील में 1739 रजिस्ट्री की गई। कई मामलों में तो जिला नगर योजनाकार विभाग से एनओसी तक नहीं ली गई। डीटीपी के अधिकारियों की माने तो 10 जून के बाद मात्र सात एनओसी ही जारी की गई है। जिले में भी रजिस्ट्रियों में घोटाले की बू उठने लगी है।
जगमहेंद्र सरोहा, कुरुक्षेत्र : लॉकडाउन में तहसीलों में धड़ल्ले से संपत्तियों की रजिस्ट्री की गई। अकेले थानेसर तहसील में 1739 रजिस्ट्री की गई। कई मामलों में तो जिला नगर योजनाकार विभाग से एनओसी तक नहीं ली गई। डीटीपी के अधिकारियों की माने तो 10 जून के बाद मात्र सात एनओसी ही जारी की गई है। जिले में भी रजिस्ट्रियों में घोटाले की बू उठने लगी है।
जानकारों के अनुसार राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के आला अधिकारियों ने रिपोर्ट के आधार पर 21 जुलाई को दोपहर बाद एक साथ साफ्टवेयर बंद कर दिया गया। तहसीलों में ट्रांसफर डीड भी नहीं की जा सकेंगी। इसके बाद बुधवार को रजिस्ट्री नहीं हो सकी। उच्चाधिकारियों ने 22 जुलाई को 17 अगस्त तक रजिस्ट्री बंद करने के आदेश जारी कर दिए। वीरवार को सुबह कुछ लोग रजिस्ट्री कराने तहसील में पहुंचे, लेकिन रजिस्ट्री बंद मिलने पर वापस लौट गए।
बाबू से लेकर अफसर तक की धड़कन तेज
सरकार के रजिस्ट्री बंद करने के साथ जांच भी शुरू कर दी है। इसके बाद तहसील के रजिस्ट्री क्लर्क से लेकर बड़े अधिकारी तक की धड़कन बढ़ गई हैं। कुछ अधिकारी अब गड्ढों को भरने लगे हैं। एक जानकार ने बताया कि सही से जांच होती है तो नीचे से ऊपर तक कई लोग कार्रवाई के दायरे में आ सकते हैं।
प्लॉट की नप या नपा से एनओसी
नगर परिषद क्षेत्र की वैध कॉलोनी की रजिस्ट्री की जाती है। इसके लिए नगर परिषद से एनओसी लेनी पड़ी है। नगर परिषद 249 रुपये वर्ग चार्ज लेता है। इसके साथ फाइल चार्ज लिया जाता है। नगर परिषद की एनओसी के बाद ही राजस्व विभाग रजिस्ट्री करता है।
दो कनाल से कम की डीटीपी से एनओसी
दो कनाल से कम की खरीद फरोख्त के लिए जिला नगर योजनाकार विभाग से एनओसी लेनी होती है। विभाग के अधिकारी मौके मुआयना कर अपनी रिपोर्ट देते हैं। इसके बाद ही रजिस्ट्री कराई जा सकती है। वर्जन :
रजिस्ट्री करते समय सरकार की हिदायतों व नियमों का पालन किया जाता है। रजिस्ट्रियों में किसी तरह की अनियमितता नहीं बरती जा रही।
जयवीर रंगा, नायब तहसीलदार, थानेसर।
वर्जन :
दो कनाल से कम जमीन की रजिस्ट्री कराने से पहले एनओसी लेनी जरूरी है। इसके लिए पटवारी व दूसरे अधिकारी मौका मुआयना करते हैं। जिले में 10 जून के बाद सात एनओसी जारी की गई हैं।
एसके पूनिया, डीटीपी, कुरुक्षेत्र।