राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज कुरुक्षेत्र में, हरियाणा दिवस और महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में लेंगी हिस्सा
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 1 नवंबर को कुरुक्षेत्र में हरियाणा दिवस समारोह, गुरुकुल में स्वामी श्रद्धानंद शताब्दी वर्ष कार्यक्रम और भद्रकाली मंदिर में पूजा सहित कई आयोजनों में शामिल होंगी।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का स्वागत करते सीएम नायब सैनी। फोटो जागरण
HighLights
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 1 नवंबर को कुरुक्षेत्र में होंगी।
हरियाणा दिवस समारोह और गुरुकुल कार्यक्रम में मुख्य अतिथि।
भद्रकाली मंदिर में पूजा; सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र। देश की प्रथम नागरिक राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु एक नवंबर को धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र में कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी। वे हरियाणा दिवस पर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित होने वाले हीरक जयंती राज्य स्तरीय कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि भाग लेंगी।
इसके अलावा गुरुकुल कुरुक्षेत्र में महान स्वतंत्रता सेनानी स्वामी श्रद्धानंद के बलिदान के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में भी मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत करेंगी। इनके अलावा वे उत्तर भारत के एकमात्र शक्तिपीठ श्री देवीकूप मां भद्रकाली मंदिर में पूजा करने जाएंगी।
ड्रोन प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित
राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर प्रशासन ने पुख्ता तैयारियां की हैं। उनके गुजरने वाले मार्गों पर सड़क के दोनों ओर बल्लियां लगाकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। इसके अलावा पुलिस ने यातायात एडवाइजरी भी जारी की है।
शनिवार से ही एक नंवबर राष्ट्रपति के प्रस्थान तक जिले को ड्रोन प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित कर दिया गया है। उल्लेखनीय है कि यह राष्ट्रपति का धर्मनगरी का यह दूसरा दौरा है। इससे पहले वह 29 नवंबर 2022 को एनआइटी के दीक्षा समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुई थीं।