कुटा चुनाव के लिए टीचर क्लब में बनेगा मतदान केंद्र, मास्क लगाकर ही डाल पाएंगे वोट
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (कुटा) के चुनावों को लेकर इस बार मतदान केंद्र टीचर क्लब में बनाया जाएगा।
जागरण संवाददाता, कुरुक्षेत्र : कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (कुटा) के चुनावों को लेकर इस बार मतदान केंद्र टीचर क्लब में बनाया जाएगा। कोविड-19 को देखते हुए पहली बार दो बूथ बनाए जाएंगे। इससे पहले कुटा चुनाव को लेकर मतदान कुटा कार्यालय में ही होते रहे हैं। इस बार कोविड 19 को लेकर जारी हिदायतों को देखते हुए चुनाव अधिकारी कृष्ण चंद्र पांडे ने टीचर क्लब में मतदान केंद्र बनाने का फैसला लिया है। उन्होंने बताया कि शारीरिक दूरी की पालना करने के लिए ही टीचर क्लब में मतदान केंद्र बनाने का फैसला लिया है। केवल यही नहीं मतदाता को मतदान में हिस्सा लेने के लिए मास्क अनिवार्य रूप से लगाना होगा। मतदान से पहले केंद्र को अच्छी तरह से सैनिटाइज करवाया जाएगा।
कुटा चुनावों को लेकर मतदान 20 अक्टूबर को होना है। इस मतदान में 367 शिक्षक अपने मत का प्रयोग कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि मतदान सुबह ठीक नौ बजे शुरू हो जाएगा और सायं चार बजे तक चलेगा। इसके बाद मतों की गणना होगी और चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। मतदान के लिए सदस्यों को अपने साथ नीली स्याही वाला पेन लेकर आना होगा।
कुटा चुनावों में प्रधान सहित चार पदाधिकारियों के साथ-साथ एक कार्यकारिणी सदस्य के लिए मतदान होगा। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बगैर मास्क के किसी को भी मतदान केंद्र के अंदर आने की इजाजत नहीं होगी।